इसराइल ने लेबनान के लगभग 10 किलोमीटर अंदर ‘बफ़र ज़ोन’ बना रखा है ।
World News Update Live । स्विट्ज़रलैंड में चल रही अमेरिका और ईरान की वार्ता के बीच इसराइल के प्रधानमंत्री का लेबनान को लेकर बयान आया है ।
इसराइली प्रधानमंत्री बिन्यामिन नेतन्याहू ने कहा “हम उत्तरी क्षेत्र के अपने प्रिय निवासियों और पूरे देश के नागरिकों की रक्षा के लिए ज़रूरी समय तक दक्षिणी लेबनान के सुरक्षा क्षेत्र (बफ़र ज़ोन) में बने रहेंगे ।”
इसके मुताबिक़ उन्होंने आगे कहा “इसराइल के प्रधानमंत्री के रूप में मैं इस बात पर दृढ़ता से ज़ोर देता हूं और कोई भी चीज़ इसे नहीं बदलेगी ।”
अमेरिका-ईरान वार्ता को लेकर नेतन्याहू ने कहा “बातचीत में चाहे जो भी राजनीतिक निष्कर्ष निकले मैं ईरान को परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दूंगा । जब तक मैं इसराइल का प्रधानमंत्री हूं, ऐसा नहीं होने दूंगा ।”
इससे पहले फ़ारसी सेवा ने इसराइल के रक्षा मंत्री इसराइल कात्ज़ का बयान भी रिपोर्ट किया था । कात्ज़ ने भी लेबनान स्थित ‘बफ़र ज़ोन’ को नहीं छोड़ने की बात कही है ।
फ़ारसी सेवा के मुताबिक़ लेबनान के लगभग 10 किलोमीटर अंदर स्थित एक ऐसा इलाक़ा है जिसे इसराइल ‘बफ़र ज़ोन’ कहता है इसराइल ने वहां अपने सैनिकों की तैनाती कर रखी है । स्विट्ज़रलैंड में पाकिस्तान और क़तर की मध्यस्थता में ईरान और अमेरिका के बीच बातचीत हो रही है । पिछले हफ़्ते अमेरिका और ईरान ने 60 दिनों के भीतर विवादित मुद्दों पर एक समझौते पर पहुंचने के लिए एक ‘मेमोरेंडम ऑफ़ अंडरस्टैंडिंग’ (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए । इस एमओयू में लेबनान सहित ‘सभी मोर्चों’ पर सैन्य अभियानों की ‘तत्काल और स्थायी समाप्ति’ का ज़िक्र है ।
