जून की शुरुआत में क्राइमिया में एक पेट्रोल पंप पर गाड़ियों की लंबी कतार देखी गई ।
World News Update Live । यूक्रेन की ओर से क्राइमिया में जारी हमलों के बीच रूस समर्थित प्रशासन ने अपने क़ब्ज़े वाले क्राइमिया क्षेत्र में आम लोगों के लिए ईंधन की बिक्री बंद कर दी है । क्राइमिया के सप्लाई रूट्स के ख़िलाफ़ यूक्रेन के हालिया अभियान की वजह से पहले ही ईंधन की कमी हो गई थी और राशनिंग लागू की गई थी ।
क्राइमिया के गवर्नर सर्गेई अक्स्योनोव ने कहा कि अब आम नागरिकों और निजी व्यवसायों को पेट्रोल पंपों से ईंधन नहीं मिलेगा ईंधन केवल उन सरकारी एजेंसियों को उपलब्ध कराया जाएगा जो क्राइमिया के ‘संचालन और सुरक्षा’ का काम संभालती हैं । वहीं यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन ने रूस के क्रास्नोदार क्षेत्र में तेल परिवहन से जुड़ी एक लॉजिस्टिक फ़ैसिलिटी को निशाना बनाया है यह क्षेत्र कर्च स्ट्रेट के पार क्राइमिया से सटा हुआ है ।
ज़ेलेंस्की ने दावा किया कि सैन्य लॉजिस्टिक केंद्रों और रडार सिस्टम्स को भी निशाना बनाया गया, हालांकि उन्होंने इनके स्थानों के बारे में नहीं बताया है ।
क्राइमिया को रूस ने 2014 में अपने क़ब्ज़े में ले लिया था । यह क्षेत्र लंबे समय से आपूर्ति और लॉजिस्टिक समस्याओं का सामना कर रहा है । ईंधन बिक्री पर यह अब तक का सबसे बड़ा प्रतिबंध माना जा रहा है ।
