रविवार को पटना में जेडीयू की राज्य परिषद और राष्ट्रीय परिषद की बैठक हुई ।
बिहार । जनता दल (यूनाइटेड) यानी जेडीयू ने रविवार को एक बार फिर बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पार्टी का अध्यक्ष चुना है । इसके अलावा जेडीयू के नेताओं ने कहा कि नीतीश कुमार के बेटे और बिहार सरकार में मंत्री निशांत कुमार पार्टी का ‘भविष्य’ हैं । जेडीयू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव रंजन प्रसाद ने पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक के बाद कहा “निशांत जी की भूमिका बेहद अहम रहेगी । पार्टी के सभी नेताओं ने ये माना है कि उनको लेकर जनता की उम्मीदें मज़बूत हो रही हैं आने वाले समय में वो एक अहम भूमिका में रहेंगे ।”
पार्टी में निशांत कुमार के नेतृत्व से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा “निःसंदेह, पार्टी को ये भरोसा है कि दशकों तक वह अगुवाई करेंगे और उनके नेतृत्व में पार्टी आगे बढ़ेगी ।”
वहीं पार्टी के सांसद संजय झा ने कहा “हमारी राष्ट्रीय परिषद और राज्य परिषद की बैठक में आज बात हुई । निशांत जी अभी सरकार में काम कर रहे हैं । आने वाले समय में वह पार्टी के काम में भी शामिल होंगे और वही इस पार्टी के भविष्य हैं ।”
इससे पहले बिहार के उपमुख्यमंत्री और जेडीयू नेता विजय कुमार चौधरी ने बताया कि पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में नीतीश कुमार को एक बार फिर राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है ।
उन्होंने कहा “राष्ट्रीय परिषद की बैठक थी और उसमें हमारे सर्वमान्य नेता नीतीश कुमार फिर से राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं ।” बिहार में रविवार को सबसे पहले जेडीयू की राज्य परिषद की बैठक हुई इसके बाद राष्ट्रीय परिषद की बैठक हुई, जिनमें ये सभी फ़ैसले लिए गए ।
