दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि वो शुक्रवार को दर्शन के लिए राम मंदिर जाएंगे ।
नई दिल्ली । अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गड़बड़ी का मामला सामने आने के बाद दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा है कि वो वहां दर्शन करने जाएंगे ।
आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा “अयोध्या श्रीराम मंदिर में चढ़ावा चोरी से हर सनातनी बेहद दुखी है । शुक्रवार को मैं दर्शन के लिए श्री राम मंदिर जाऊंगा ।”
इससे पहले रविवार को केजरीवाल ने आरोप लगाया था कि ‘राम मंदिर से करोड़ों रुपये के चंदे की चोरी हो गई’,लेकिन इस पर अब तक कोई एफ़आईआर नहीं हुई है ।
अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में कहा था “अयोध्या के राम मंदिर से करोड़ों रुपए के चंदे की चोरी हो गई बताया जा रहा है कि लगभग 200 करोड़ रुपए का तो कैश ही चोरी हो गया और कई हीरे-जवाहरात के बक्से चोरी हो गए और एक भी एफ़आईआर नहीं हुई है ।”
उन्होंने कहा “यूपी पुलिस,ईडी और सीबीआई ने कोई एफ़आई आर नहीं की,केंद्र में और यूपी में,दोनों जगह इनकी(बीजेपी) सरकारें हैं कोई रेड नहीं, कोई गिरफ़्तारी नहीं ।”
इस मामले पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को कहा कि एसआईटी गठित हो गई है और 15 दिन में ‘दूध का दूध और पानी का पानी’ हो जाएगा ।
