अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड का कहना है कि 20 से ज़्यादा अमेरिकी जंगी जहाज़ मध्य पूर्व में निगरानी कर रहे हैं ।
Breaking News Update Live । अमेरिका और ईरान के बीच गुरुवार को भी हमलों का सिलसिला जारी रहा इसी दौरान पर्यवेक्षकों ने बताया कि होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़रने वाले जहाज़ों की संख्या में काफ़ी गिरावट आई है ।
अमेरिका का कहना है कि उसने होर्मुज़ के पास स्थित कुछ ठिकानों सहित 90 सैन्य लक्ष्यों पर हमला किया । वहीं ईरान का दावा है कि पिछले दो दिनों में अमेरिकी हमलों में 14 आम लोगों की मौत हुई है ।
ईरान की सरकारी मीडिया ने यह भी बताया कि बुशहर न्यूक्लियर प्लांट के आसपास के कुछ ठिकानों पर भी हमला हुआ है । यह जानकारी प्रांत के उप-गवर्नर के हवाले से दी गई । हालांकि अमेरिका ने इन ताज़ा हमलों पर कोई टिप्पणी नहीं की है ।
ईरान ने कहा कि जवाबी कार्रवाई में उसने कुवैत,बहरीन और क़तर में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया बाद में गुरुवार को,सरकारी समर्थन वाले मीडिया के अनुसार ईरान ने कुवैत, जॉर्डन और इराक़ में भी कई जगहों पर और हमले किए ।
इसी बीच, ईरान के दिवंगत सर्वोच्च नेता आयातुल्लाह अली ख़ामेनेई को छह दिनों तक चले अंतिम संस्कार कार्यक्रमों के बाद सुपुर्द-ए-ख़ाक किया गया ।
उत्तर-पूर्वी ईरान के मशहद शहर की सड़कों पर बड़ी संख्या में लोग ईरानी झंडे लहराते हुए जुटे । कुछ लोगों के हाथों में ऐसे पोस्टर भी थे, जिनमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को जान से मारने की धमकियाँ लिखी हुई थीं ।
आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की 28 फ़रवरी को अमेरिका और इसराइल के ईरान पर किए गए शुरुआती हमलों में मौत हो गई थी ।
