यूक्रेनी ड्रोन कैमरे में क़ैद हमले का फुटेज ।
यूक्रेन । देश की सेना ने रूस के कब्ज़े वाले क्राइमिया के आसपास अपने हमले तेज कर दिए हैं । क्राइमिया को रूस से जोड़ने वाले ज़मीनी रास्ते पर हमलों के बाद अब यूक्रेन समुद्री सप्लाई मार्गों को भी निशाना बना रहा है ।
यूक्रेन की ड्रोन फ़ोर्स के कमांडर रॉबर्ट ब्रोवदी का कहना है कि पिछले चार दिनों में आज़ोव सागर में कम से कम 25 जहाजों को निशाना बनाया गया और उनमें आग लग गई । आज़ोव सी, केर्च के ज़रिए ब्लैक सी से जुड़ा हुआ है ।
इतने कम समय में हुए ये नुक़सान रूस की नौसैनिक क्षमता के लिए बड़ा झटका माने जा रहे हैं । साथ ही, ये राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के ईंधन की सप्लाई बनाए रखने के दावे पर भी असर डाल सकते हैं ।
ये हमले यूक्रेन के उस अभियान का नया चरण माने जा रहे हैं, जिसे उसने “लॉजिस्टिक्स लॉकडाउन” नाम दिया है । इस अभियान का मक़सद रूस के क़ब्जे वाले क्राइमिया से जुड़ी सप्लाई और परिवहन मार्गों को बाधित करना है ।
यूक्रेन की सेना का दावा है कि अब तक 36 जहाज़ों को निशाना बनाया गया है और इनमें से ज़्यादातर रूस के तथाकथित “शैडो फ्लीट” का हिस्सा हैं, जिसमें व्यावसायिक तेल टैंकर शामिल हैं ।
हालांकि जहाज़ों की सटीक संख्या स्पष्ट नहीं है । क्योंकि कुछ जहाज़ों पर एक से अधिक बार हमला हुआ हो सकता है ।और सभी हमलों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि भी नहीं हुई है ।
