मिल्कीपुर,अयोध्या । इनायतनगर थाना क्षेत्र के मिल्कीपुर गांव में सूने घर को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये के जेवरात और डेढ़ लाख रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। घटना की जानकारी होने पर पीड़िता ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है । पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है ।
मिली जानकारी के अनुसार मिल्कीपुर निवासी सुशीला मिश्रा, पत्नी स्वर्गीय पवन मिश्रा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बतायाकि शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात उनके घर पर कोई मौजूद नहीं था इसी दौरान अज्ञात चोर घर में घुस गए और अलमारी व बक्सों का ताला तोड़कर कीमती सामान समेट ले गए ।
चोरी गए सामान में एक सोने का हार,दो जोड़ी झुमकी, चार जोड़ी पायल, एक मंगलसूत्र,एक पावजेब, दो अंगूठियां, सोने की सलाई, चांदी का नारियल, चांदी की सुपारी, एक मांग टीका, कमर करधन तथा करीब डेढ़ लाख रुपये नकद शामिल हैं ।
परिजनों के घर लौटने पर कमरे का सामान बिखरा मिला और चोरी की घटना का पता चला। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया । पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की तथा मामले की जांच शुरू कर दी है ।
प्रभारी निरीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर के आधार पर अज्ञात चोरों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है । घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है । पुलिस का कहना है कि मामले के शीघ्र खुलासे के लिए टीमों को लगाया गया है ।
