तीन शातिर गिरफ्तार,तीन लूटकांडों का खुलासा,चेन,लॉकेट,मोबाइल , तमंचा व अपाचे बाइक बरामद ।
सुलतानपुर । लम्भुआ पुलिस ने दंपत्तियों और अकेली महिलाओं को कट्टे के बल पर लूटने वाले तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर तीन सनसनीखेज लूटकांडों का खुलासा किया है ।
आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन,लॉकेट,वीवो मोबाइल, नकदी,अवैध तमंचा,दो कारतूस और वारदात में प्रयुक्त अपाचे बाइक बरामद हुई है ।
थानाध्यक्ष धीरज कुमार ने बताया कि 24 जून को सोनवरसा के पास बाइक सवार दंपत्ति से कट्टा दिखाकर चेन, पर्स और मोबाइल लूटने के मामले की जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर पिलखिनी तिराहे के पास से पुष्पेन्द्र सिंह उर्फ प्रिंस,आशुतोष पाण्डेय और शिवा यादव को गिरफ्तार किया गया ।
पूछताछ में आरोपियों ने पीपरपुर रेलवे स्टेशन के पास दो महिलाओं से लूट और मोतिगरपुर क्षेत्र में महिला से सोने का लॉकेट लूटने की वारदात भी कबूल कर ली ।
एडिशनल एसपी बृज नारायण सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपी ने नई अपाचे बाइक खरीदने के बाद दोनों साथियों के साथ गिरोह बनाया था । तीनों सुनसान रास्तों पर दंपत्तियों और अकेली महिलाओं को निशाना बनाकर तमंचे के बल पर लूटपाट करते थे ।
