अर्जेंटीना का मुक़ाबला अब सेमीफ़ाइनल में इंग्लैंड से होगा ।
Fifa World Cup । फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप 2026 के क्वार्टर फ़ाइनल में रविवार को अर्जेंटीना ने स्विट्ज़रलैंड के ख़िलाफ़ रोमांचक मुक़ाबले में जीत दर्ज की है ।
अर्जेंटीना ने 3-1 के स्कोर से मुक़ाबला अपने नाम किया ।
अब अर्जेंटीना का मुक़ाबला सेमीफ़ाइनल में इंग्लैंड से होगा । इंग्लैंड ने नॉर्वे को 2-1 से हराकर सेमीफ़ाइनल में जगह पक्की की थी ।
मैच के 10वें मिनट में एलेक्सिस मैक एलिस्टर ने स्विट्ज़रलैंड के ख़िलाफ़ गोल दागते हुए अर्जेंटीना को 1-0 से बढ़त दिलाई ।
इसके बाद स्विट्ज़रलैंड ने 67वें मिनट में वापसी करते हुए स्कोर को 1-1 से बराबर किया । स्विट्ज़रलैंड के डैन डोये ने बराबरी का गोल दागा ।
निर्धारित समय में दोनों टीमें 1-1 की बराबरी पर रहीं,इसके बाद मैच एक्स्ट्रा टाइम में गया । 112वें मिनट में अर्जेंटीना के अल्वारेज़ ने गोल कर टीम को स्विट्ज़रलैंड पर बढ़त दिलाई
मैच के आख़िरी लम्हों में अर्जेंटीना के लौटारो मार्टिनेज़ ने गोल दागते हुए टीम की जीत सुनिश्चित की और स्विट्ज़रलैंड की वापसी का रास्ता बंद कर दिया ।
एम्बोलो को मिला येलो कार्ड
मैच के 72वें मिनट में मैदान पर स्विट्ज़रलैंड के एम्बोलो और अर्जेंटीना के परेडेस के बीच ड्रामा भी दिखा । दरअसल, गेंद एम्बोलो के पज़ेशन में थी और वह गिर पड़े । रेफ़री ने उनके पीछे खड़े अर्जेंटीना के परेडेस को यलो कार्ड दिखा दिया ।
हालांकि इसके बाद परेडेस के कहने पर वीएआर लिया गया । इसमें दिखा कि परेडेस का उनसे कोई कॉन्टैक्ट हुआ ही नहीं था ।
रेफ़री ने फ़ैसला बदलते हुए एम्बोलो को येलो कार्ड दिखाया । एम्बोलो को लगातार दो मैचों में दूसरा येलो कार्ड मिला, जो रेड कार्ड में तब्दील हो गया । उन्हें मैदान से बाहर जाना पाड़ा ।
गौरतलब है कि फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप 2026 का पहला हाई-वोल्टेज सेमीफ़ाइनल मुक़ाबला फ़्रांस और स्पेन के बीच खेला जाएगा । यह पहली दफ़ा है जब फ़ीफ़ा वर्ल्ड कप में टॉप रैंकिंग की शीर्ष चार टीम ही सेमीफ़ाइनल में पहुंची हैं ।
