केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि एफ़टीए से ब्रिटेन में काम करने वाले भारत के युवाओं को भी फ़ायदा होगा ।
नई दिल्ली । केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को मुंबई में पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि 15 जुलाई से भारत-ब्रिटेन फ़्री ट्रेड एग्रीमेंट (एफटीए) लागू हो जाएगा ।
उन्होंने कहा “अब सिर्फ़ दो दिन बचे हैं । आज 12 तारीख़ है । 15 तारीख़ से भारत से ब्रिटेन भेजे जाने वाले सभी सामान पर वहां कोई आयात शुल्क नहीं लगेगा । भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौता हम सभी के लिए नए अवसर और अपार संभावनाएं लेकर आया है ।”
उन्होंने कहा “जहां तक उन भारतीय युवाओं की बात है । जो दो,तीन या पांच साल के लिए काम करने ब्रिटेन जाते हैं । जिनमें कंपनी के अंदर होने वाले तबादले (इंट्रा-कंपनी ट्रांसफर) भी शामिल हैं पहले उनकी तनख्वाह का क़रीब 25 प्रतिशत हिस्सा वहां की सरकार के पास चला जाता था और उन्हें उसका कोई फायदा नहीं मिलता था ।”
पीयूष गोयल ने आगे कहा “अब हमने ‘डबल कंट्रीब्यूशन कन्वेंशन एग्रीमेंट’ को अंतिम रूप दे दिया है, जो 15 तारीख़ से लागू होगा । इसके तहत, सेवा क्षेत्र या अन्य नौकरियों में पांच साल तक के लिए ब्रिटेन जाने वाले भारतीयों की तनख्वाह से पहले जो 25 फ़ीसदी राशि वहां की सरकार लेती थी । अब वह भारत में उनके भविष्य निधि (पीएफ) खाते में जमा होगी ।”
पीयूष गोयल ने बताया कि यह पैसा उनका अपना होगा,जिस पर 8.25 फ़ीसदी टैक्स-फ्री ब्याज मिलेगा ।
