नई दिल्ली । पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने राम मंदिर चढ़ावे में कथित चोरी के दोषियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए रविवार को एक हस्ताक्षर अभियान शुरू किया ।
उन्होंने कहा “पूरा देश जानता है कि भगवान राम के नाम पर वोट किसने मांगे पिछले 40-50 साल से भारतीय जनता पार्टी और उससे जुड़े संगठन भगवान राम के नाम पर वोट मांगने में कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं ।”
“वहीं भगवान राम ने भी उन्हें वोट दिलाने में कोई कसर नहीं छोड़ी । उन्होंने केंद्र में और 21 राज्यों में सरकार बनाई इसके बावजूद उन्होंने भगवान राम के साथ विश्वासघात किया ।”
केजरीवाल रविवार को दिल्ली में एक सुंदरकांड पाठ में शामिल हुए ।
उन्होंने एक्स पर लिखा “आज हम सभी राम भक्तों ने यह संकल्प लिया है कि श्री राम मंदिर में डकैती करने वाले महापापियों को फांसी की सजा दिलवाकर ही दम लेंगे । यही भगवान राम का आदेश है और हमारा धर्म है ।”
इस बीच दिल्ली बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने एक वीडियो जारी कर अरविंद केजरीवाल के सुंदरकांड में शामिल होने पर सवाल उठाया है ।
उन्होंने कहा “अरविंद केजरीवाल के लिए श्री सुंदरकांड पाठ का आयोजन एक राजनीतिक छलावा मात्र है वे श्री सुंदरकांड का आयोजन कर अपनी राजनीतिक स्थिति सुधारने का प्रयास कर रहे हैं । अरविंद केजरीवाल बताएं कि वे कब तक श्री हनुमान जी और श्री सुंदरकांड पाठ के नाम पर अपनी बगुला भक्ति दिखाकर हिंदू धर्म की भावनाओं का अपमान करते रहेंगे ।”
