✓ बैंकॉक स्थित बार में आग लगने के कारणों की गहनता से जांच की जा रही है ।
थाईलैंड । देश की राजधानी बैंकॉक के चातुचक इलाक़े में स्थित एक बार में रविवार और सोमवार की दरम्यानी रात भीषण आग लगने से 27 लोगों की मौत हो गई । इस हादसे में 60 से अधिक लोग घायल हो गए हैं । कई लोगों के अब भी लापता होने की आशंका जताई जा रही है ।
फ़ायर ब्रिगेड को रविवार को आधी रात के बाद आग लगने की सूचना मिली । मौक़े पर पहुंची टीम ने देखा कि लोग आग और धुएं से बचने के लिए बार के मेन गेट से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे । सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर सामने आए कुछ वीडियो में बार से उठती आग की ऊंची लपटें और जान बचाकर भागते लोग दिखाई दे रहे हैं । वीडियो में कुछ लोग चीखते हुए और गिरते हुए नज़र आ रहे हैं ।
घटनास्थल पर पहुंचे थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चर्नविराकुल ने बताया कि अब तक 27 शव बरामद किए जा चुके हैं और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है । उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है ।
स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार दमकल विभाग ने क़रीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर क़ाबू पा लिया । लेकिन तब तक बड़ा नुक़सान हो चुका था शुरुआती जानकारी के मुताबिक़ मृतकों में नौ पुरुष और 18 महिलाएं शामिल हैं ।
प्रधानमंत्री ने बताया कि आग लगने के समय बार में प्रस्तुति दे रहे एक संगीतकार से भी पूछताछ की गई । संगीतकार के अनुसार आग सबसे पहले बिजली के कट-आउट स्विच में लगी । जिसके बाद तेज़ धमाका हुआ और कुछ ही पलों में पूरे परिसर में आग और धुआं फैल गया ।
प्रधानमंत्री ने बताया कि कई लोग बाहर निकलने के बजाय इमारत के पीछे की ओर चले गए और शौचालयों में छिप गए । उन्होंने कहा कि अधिकांश शव वहीं से बरामद किए गए ।
