✓ इस्माइल बक़ाई ने कहा है कि अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के महानिदेशक के अपने परमाणु ठिकानों तक पहुंच के अनुरोध को ईरान नहीं मानेगा ।
ईरान । ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बक़ाई ने कहा है कि अमेरिकी दबाव के कारण ईरान स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ में परिवहन व्यवस्था को लेकर ओमान के साथ सहमति तक नहीं पहुंच पाया है ।
सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस्माइल बक़ाई ने बताया कि बीते शनिवार को ईरान और ओमान के विदेश मंत्रियों के बीच बैठक हुई थी ।
उन्होंने कहा “शनिवार को मस्कट में हुई बातचीत में केवल होर्मुज़, विशेष रूप से समझौता ज्ञापन के अनुच्छेद पाँच पर ध्यान केंद्रित किया गया । हमें खेद है कि अमेरिका ने ओमान पर डाले जा रहे प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष दबाव के कारण मस्कट में अपेक्षित प्रगति नहीं हो सकी ।”
उन्होंने आगे कहा कि “अमेरिका ने समझौता ज्ञापन की 14 धाराओं को तोड़-मरोड़ कर पेश किया. इसमें कोई संदेह नहीं है कि अब यह दस्तावेज़ संकट के दौर में प्रवेश कर चुका है ईरान ने कभी भी अपने वादों का उल्लंघन करने की पहल नहीं की है लगातार अपने वादे तोड़ने वाला देश अमेरिका है ।”
इस्माइल बक़ाई ने कहा “अमेरिका अपना वादा तोड़ने में इतने जल्दबाज़ी में था कि उसने समझौता ज्ञापन के खंड पांच में शामिल एक महीने की अवधि को भी पूरा होने नहीं दिया ।”
इस्माइल बक़ाई ने यह भी कहा कि ईरान अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के महानिदेशक के अपने परमाणु ठिकानों तक पहुंच के अनुरोध को नहीं मानेगा ।
