पूर्वोत्तर भारत में असम राइफ़ल्स पर एक सप्ताह में दूसरा हमला ।
नगालैंड । राज्य में एक संदिग्ध आईईडी ब्लास्ट में असम राइफ़ल्स के एक जवान की मौत हो गई है,जबकि चार अन्य जवान घायल हुए हैं । पूर्वोत्तर भारत में असम राइफ़ल्स पर एक सप्ताह से भी कम समय में यह दूसरा हमला है । असम राइफ़ल्स के कोहिमा स्थित जनसंपर्क अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल अमित शुक्ला ने इस धमाके के बारे में जानकारी दी है ।
उन्होंने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया “सुखोवी के पास असम राइफ़ल्स के वाहनों पर संदिग्ध आईईडी विस्फोट की सूचना मिली है । इस धमाके में एक व्यक्ति की मौत हुई और 4 घायल हुए हैं ।”
उन्होंने आगे कहा “फ़िलहाल इलाके में ऑपरेशन जारी है हम अधिक जानकारी की प्रतीक्षा कर रहें है ।” इससे पहले बीते सप्ताह मणिपुर के उखरुल में असम राइफ़ल्स के एक काफ़िले पर घात लगाकर किए गए हमले में 2 जवानों की मौत हो गई थी । भारत का सबसे पुराना अर्धसैनिक बल असम राइफ़ल्स, दशकों से पूर्वोत्तर में सुरक्षा अभियानों का एक महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है
