– लखीमपुर खीरी से हैरान करने वाला मामला सामने आया है । एक बच्चा डीएम साहब के सामने फरियाद लेकर पहुंच गया । उसकी हाजिरजवाबी सुनकर अफसर हैरान रह गए ।
लखीमपुर खीरी (उत्तर प्रदेश) ।
लखीमपुर खीरी में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस पर एक नन्हा बच्चा अपनी शिकायत लेकर खुद डीएम साहब के सामने पहुंच गया । अधिकारियों और फरियादियों की भीड़ के बीच नन्हे बच्चे का आत्मविश्वास और हाजिरजवाबी देखकर खुद डीएम साहब भी हैरान रहे गए । डीएम साहब ने तुरंत अफसरों को जांच के निर्देश दिए ।दरअसल मामला लखीमपुर सदर कोतवाली इलाके के मोहल्ला गोटैय्याबाग में रहने वाला एक 8वीं का छात्र शनिवार को तहसील दिवस में पहुंचा । उसके घर पर चाचा चाची ने ताला डाल रखा है । मां लोगों के घरों में काम करती है ।
बच्चे ने बेबाक अंदाज में डीएम अंजनी कुमार सिंह से कहा कि उसके घर का ताला खुलवाया जाए । डीएम अंजनी कुमार सिंह ने कोतवाल राजेश सिंह से कहा कि बच्चे का काम देख लो । बच्चे ने तुंरत जवाब दिया, दिखवा नहीं, कहिए ताला खुलवा दे ।
फरियाद लेकर डीएम साहब के सामने पहुंचा 8वीं का बच्चा
इतना सुनकर तहसील दिवस पर सभी अधिकारी और फरियादी हंस पड़े । इस पूरी घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया । वीडियो में देखा जा सकता है कि 8वीं का छात्र खुद अपनी शिकायत लेकर डीएम साहब के सामने पहुंच गया । इसमें वह कह रहा है कि घर का बंटवारा हो गया है । इसके बाद भी चाचा-चाची ने कमरे में ताला लगा रखा है सर ताला खुलवा दें, बार—बार आना जाना नहीं पड़ेगा इस पर डीएम ने संबंधित थाना अधिकारी को जांच करवाने का निर्देश दिया ।
नन्हे बच्चे का जवाब सुनकर हंस पड़े डीएम साहब
डीएम साहब के सामने मौजूद दारोगा साहब ने कहा कि सर करवा देंगे इस पर नन्हा बच्चा बीच में बोल पड़ा और कहा कि करवा देंगे नहीं, करवा दीजिए । इस पर सब हंस पड़े । इसी बीच डीएम साहब उसे बीच में टोंकते हैं और ज्यादा न बोलने की हिदायत देते हुए अभी पढ़ाई पर फोकस करने को कहते हैं ।
इस दौरान नन्हा बच्चा दारोगा साहब को कहता है कि आपको क्या थोड़ा सा कमीशन मिल जाता है तो बस हो गया काम । यह सुन कर सब ठहाके लगाने लगते हैं । बच्चे के बेबाक अंदाज ने हर किसी का दिल जीत लिया । डीएम साहब तुरंत काम करवाने को मजबूर हो गए ।
