वाराणसी । राज्य सूचना आयुक्त डॉ० दिलीप अग्निहोत्री ने काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन पूजन किया ।
उन्होंने कहा कि काशी विश्व की प्राचीनतम नगरी है । इसके गौरव के अनुरूप ही भव्य नव्य काशी विश्वनाथ धाम कॉरिडोर का निर्माण किया गया है । इसके साथ ही काशी का समग्र विकास किया जा रहा है । जन सूचना आधिकारी भी सरकारी मशीनरी के अंग हैं । उनको जन सूचना के माध्यम से आवेदकों की समस्याओं का समाधान करना चाहिए ।
राज्य सूचना आयुक्त ने कहा कि काशी में हजारों करोड़ रुपए की विकास योजनाएं संचालित है । वर्ष 2014 से अब तक 36,210 करोड़ रुपये की लागत से 536 परियोजनाएं पूरी की जा चुकी हैं । जबकि 25,007 करोड़ रुपये की लागत वाली 191 परियोजनाओं पर काम चल रहा है । मुख्यमंत्री ने इसी माह यहां समीक्षा बैठक की थी ।
उन्होंने रोप वे परियोजना को समय पर पूरा करने,जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाने ,अंडर ग्राउंड केबलिंग के बाद सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने, दाल मंडी सड़क चौड़ीकरण, नई टाउनशिप, यूनिटी मॉल और अन्य विकास परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए थे । सरकार की मंशा रहती है कि सभी योजनाएं गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूर्ण हों । इसमें भी जन सूचना अधिकारियों को अपनी भूमिका का निर्वाह करना चाहिए ।
उन्होंने कहा कि यह उत्तर प्रदेश के लिए गौरव की बात है कि सारनाथ यूनेस्को की विश्व धरोहर सूची में शामिल हुआ है । सारनाथ भारत की समृद्ध सांस्कृतिक,आध्यात्मिक और ऐतिहासिक विरासत का प्रतीक है । यह उपलब्धि देश की विरासत को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने वाली है ।
