– PWD की घोर लापरवाही से दलदल में डूब रही अरवल गांव की शिक्षा”
सुल्तानपुर । सरकार भले ही “हर बच्चे को शिक्षा” और “सबका साथ सबका विकास” का नारा दे । लेकिन सुल्तानपुर जिले की बल्दीराय तहसील में ये नारे PWD विभाग की घोर लापरवाही के कीचड़ में फंसकर दम तोड़ रहे हैं । हलियापुर रोड से निकलने वाला संपर्क मार्ग जो ग्राम सभा अरवल से होते हुए प्राथमिक विद्यालय अरवल के ठीक सामने से गुजरता है । आज दर्जनों गांवों के हजारों लोगों के लिए अभिशाप बन चुका है । इस एकमात्र रास्ते से रोज सैकड़ों किसान,मजदूर ,मरीज और स्कूली बच्चे गुजरते हैं । लेकिन PWD की अनदेखी ने पूरे मार्ग को कीचड़,गंदगी और जलभराव का दलदल बना दिया है ।
स्कूल के मुख्य गेट के सामने जो हालात हैं । उसे देखकर किसी का भी खून खौल जाएगा । तस्वीर में साफ दिख रहा है कि गेट के सामने पूरे रास्ते में गहरे गड्ढे, सड़ा हुआ पानी और कीचड़ भरा पड़ा है । बरसात के दिनों में स्थिति और भी बदतर हो जाती है । छोटे-छोटे नन्हे-मुन्ने बच्चों को यूनिफॉर्म और जूते हाथ में लेकर फिसलते-गिरते स्कूल आना पड़ रहा है । जल निकासी का कोई इंतजाम नहीं होने के कारण महीनों तक पानी जमा रहता है,जिससे मच्छर और बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है ।
ग्रामीणों/ बच्चों के अभिभावकों का कहना है कि यह रोज की परेशानी है । बच्चे रोज गिरते हैं । अभिभावक डर के मारे बच्चों को स्कूल भेजने से कतराते हैं । ऐसे में सवाल उठता है कि क्या इसी दलदल से होकर शिक्षा की गाड़ी आगे बढ़ेगी ।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मार्ग सिर्फ अरवल गांव का नहीं बल्कि आसपास के दर्जनों गांवों को हलियापुर रोड से जोड़ने वाला एकमात्र संपर्क मार्ग है । राहगीरों को इसी टूटी-फूटी और कीचड़ से सनी सड़क से होकर गुजरना पड़ता है । लेकिन सालों बीत गए, PWD ने इस ओर कभी झांक कर भी नहीं देखा । न यहां गिट्टी डाली गई, न मिट्टी भराई हुई, न नाली बनी। बस हर बार फाइलों में “मरम्मत प्रस्तावित” लिखकर मामले को ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है ।
अब सीधे सवाल PWD से हैं । क्या मासूम बच्चों की जान और शिक्षा की आपको कोई कीमत नहीं है ?
जब एक प्राथमिक विद्यालय के गेट के सामने ही सड़क इस कदर बदहाल है तो निरीक्षण के नाम पर आने वाले अधिकारी आंखें बंद करके कैसे निकल जाते हैं ? हर साल ग्रामीण सड़कों के नाम पर करोड़ों रुपये का बजट पास होता है । आखिर वो पैसा जाता कहां है ? यह सिर्फ एक खराब सड़क का मामला नहीं है। यह बल्दीराय तहसील में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं पर PWD द्वारा किया गया सीधा हमला है ।
इस दुर्दशा से त्रस्त होकर ग्रामीणों ने प्रशासन और PWD के उच्च अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई की मांग की है । उनकी मांग है कि इस संपर्क मार्ग पर तुरंत मिट्टी भराई और पक्कीकरण का काम शुरू किया जाए, जल निकासी के लिए पक्की नाली बनाई जाए और बरसात से पहले सड़क को आवागमन योग्य बनाया जाए ।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर अब भी उनकी सुनवाई नहीं हुई तो दर्जनों गांव के लोग एकजुट होकर बड़ा आंदोलन करेंगे और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ मोर्चा खोलेंगे । क्योंकि एक बच्चे का गिरना भी पूरे सिस्टम के मुंह पर तमाचा है और इस तमाचे का जवाब PWD को देना ही होगा ।
