रायबरेली । जीआरपी थाना रायबरेली में तैनात वर्ष 2006 बैच के सिपाही शिवपूजन चौधरी की मुस्तैदी,सूझबूझ और साहस के कारण प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर एक बड़ा रेल हादसा टल गया ।
जानकारी के अनुसार जनता एक्सप्रेस में यात्रा कर रही एक महिला प्लेटफॉर्म संख्या-1 पर कुछ सामान खरीदने के लिए ट्रेन से उतर गई । इसी दौरान ट्रेन चल पड़ी । महिला चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करने लगी,जिससे उसके साथ गंभीर दुर्घटना होने की आशंका पैदा हो गई ।
ड्यूटी पर तैनात सिपाही शिवपूजन चौधरी ने स्थिति की गंभीरता को तुरंत भांप लिया और अपनी जान की परवाह किए बिना तत्काल साहसिक कदम उठाते हुए महिला को सुरक्षित बचा लिया । उनकी तत्परता और बहादुरी के कारण एक बड़ा हादसा टल गया तथा महिला की जान सुरक्षित बच गई ।
इस सराहनीय कार्य की जीआरपी थाना अध्यक्ष रायबरेली तथा पुलिस अधीक्षक जीआरपी ने भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए सिपाही शिव पूजन चौधरी के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और मानवता की भावना की सराहना की । उनका यह कार्य पुलिस विभाग के लिए गर्व का विषय है तथा अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत भी है ।
