रूस । देश ने यूक्रेन पर बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से बड़ा हमला किया । जिसमें कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई ।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जे़लेंस्की ने कहा कि अगर पर्याप्त इंटरसेप्टर मिसाइलें उपलब्ध होतीं, तो कई लोगों की जान बचाई जा सकती थी । राजधानी कीएव और उसके आसपास के इलाकों में इस साल का सबसे घातक हमला हुआ । यहां 17 लोगों की मौत की खबर है । वहीं खार्किव में एक और दोनेत्स्क क्षेत्र में तीन लोगों की जान गई ।
यूक्रेन लंबे समय से अपने सहयोगी देशों से रूस की बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने के लिए अमेरिका निर्मित पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम के इंटरसेप्टर मिसाइलों की मांग कर रहा है । हालांकि यूक्रेन ने इस हमले के दौरान किसी भी बैलिस्टिक मिसाइल को मार गिराने की जानकारी नहीं दी ।
जे़लेंस्की ने कहा कि सहयोगी देशों से एंटी-बैलिस्टिक सिस्टम मिलने में हो रही देरी के कारण भारी जनहानि और व्यापक तबाही हो रही है । उन्होंने बाद में यह भी कहा कि इस वर्ष सहयोगी देशों से मिलने वाले इंटरसेप्टर मिसाइलों की आपूर्ति में काफी कमी आई है ।
वहीं रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसने कीएव और उसके आसपास के क्षेत्रों में स्थित लॉजिस्टिक्स हब और सैन्य आपूर्ति केंद्रों को निशाना बनाया ।
