लखनऊ (उत्तर प्रदेश) । प्रदेश के बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह का बुधवार रात को निधन हो गया ।
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ बलिया ज़िले की रसड़ा विधानसभा सीट से विधायक उमाशंकर सिंह 55 साल के थे और लंबे समय से ब्रेन ट्यूमर से पीड़ित थे । उनका इलाज दिल्ली के एक निजी अस्पताल में चल रहा था । जहां उन्होंने अंतिम सांस ली । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ,बीएसपी प्रमुख मायावती और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उमाशंकर सिंह के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया । उमा शंकर सिंह ने अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत छात्र राजनीति से की थी । साल 1990-91 में वह बलिया के सतीश चंद्र कॉलेज में छात्रसंघ के महासचिव चुने गए थे ।वह पहली बार साल 2012 में रसड़ा विधानसभा सीट से जीत दर्ज कर विधानसभा पहुंचे । इसके बाद 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में भी उन्होंने जीत हासिल की ।
