पुलिस के अनुसार मंगलवार को संदिग्ध लुटेरों ने डेविड ओवोरी पर हमला किया था ।
युगांडा देश की राजधानी कंपाला में देश के चर्चित फ़ुटबॉलर डेविड ओवोरी की मौत हो गई ।
स्थानीय पुलिस के अनुसार मंगलवार को संदिग्ध लुटेरों ने ओवोरी पर हमला किया था । इस दौरान उन्होंने लूट का विरोध किया । लेकिन हमले की वजह से वो बेहोश हो गए ।
हमले के बाद ओवोरी को पहले नज़दीकी क्लिनिक ले जाया गया । जहां से उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल में रेफ़र किया गया । हालांकि इलाज के दौरान बुधवार को उनकी मौत हो गई ।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक़ हमलावरों के एक समूह ने ओवोरी पर पत्थर से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया । इसके बाद अभियुक्त उनका सामान लूटकर मौके से फ़रार हो गए । हमले के बाद ओवोरी बेहोशी की हालत में मिले ।
घटना के बाद पूरे युगांडा में शोक की लहर है । वहीं बढ़ते हिंसक अपराधों को लेकर लोगों में नाराज़गी भी देखने को मिल रही है । उल्लेखनीय है कि 27 वर्षीय डेविड ओवोरी युगांडा प्रीमियर लीग के सबसे सफल क्लबों में शामिल एससी विला के कप्तान थे । वह टीम के लिए राइट-बैक और मिड फ़ील्डर की भूमिका निभाते थे इसके अलावा उन्होंने युगांडा की राष्ट्रीय फ़ुटबॉल टीम ‘क्रेन्स’ का भी प्रतिनिधित्व किया था ।
एससी विला ने अपने आधिकारिक बयान में कहा “हमने सिर्फ़ एक खिलाड़ी नहीं बल्कि एक लीडर, भाई और दोस्त को खो दिया है ।”
