नई दिल्ली । कॉकरोच जनता पार्टी ने स्पष्ट किया कि आज घोषित सूची के अलावा किसी अन्य व्यक्ति को पार्टी का पदाधिकारी नियुक्त नहीं किया गया है ।
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने अपनी नेशनल वर्किंग कमेटी की घोषणा करते हुए देशभर में संगठन विस्तार का रोडमैप जारी किया है । पार्टी ने कहा कि नेशनल वर्किंग कमेटी ने संगठन के शुरुआती राष्ट्रीय नेतृत्व को मंजूरी दे दी है ।
पार्टी के संस्थापक और राष्ट्रीय संयोजक के रूप में अभिजीत दीपके को नियुक्त किया गया है । वहीं आशुतोष रांका और सौरव दास को सह-संयोजक बनाया गया है । सीजेपी ने गुरुवार को एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी ।
पार्टी ने अजिंक्य शिंदे को राष्ट्रीय संगठन प्रभारी, दीपक बालियान को संगठन सह-प्रभारी, आफरीन नवाज को राष्ट्रीय सचिव,विजय रेड्डी मल्लांगी को मीडिया प्रमुख, रत्ना सिंह को विधिक मामलों की प्रमुख, वैष्णवी गौर को शोध एवं नीति प्रमुख, रोहन देशपांडे को प्रौद्योगिकी प्रमुख और योगेश इंगले को वित्त प्रमुख की ज़िम्मेदारी सौंपी है ।
संगठनात्मक ढांचे के तहत पार्टी ने चार जोन के प्रभारी भी घोषित किए हैं । उत्तर भारत की ज़िम्मेदारी दीपक बालियान, दक्षिण भारत की विजय रेड्डी मल्लांगी,पूर्व और पूर्वोत्तर क्षेत्र की अंकित भारद्वाज,जबकि पश्चिम भारत की ज़िम्मेदारी योगेश इंगले को दी गई है । पार्टी का दावा है कि नेशनल वर्किंग कमेटी के सभी पदाधिकारी 35 वर्ष से कम उम्र के हैं ।
पार्टी ने बताया कि अगले छह महीनों में देशभर में राज्य समन्वय समितियां,लोकसभा स्तर की इकाइयां और शहर स्तर की समन्वय समितियां गठित की जाएंगी ।
कॉकरोच जनता पार्टी ने स्पष्ट किया कि आज घोषित सूची के अलावा किसी अन्य व्यक्ति को पार्टी का पदाधिकारी नियुक्त नहीं किया गया है ।
