नई दिल्ली । कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने मांग की है कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 अगस्त को अपने भाषण में बताएं कि उन्होंने बेरोज़गारी कम करने के लिए क्या काम किया है ।
जेन ज़ी को लेकर आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के बयान पर कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने प्रतिक्रिया दी है ।
अभिजीत दीपके ने कहा “मैं चाहता हूं कि बीजेपी वाले एक बार मोहन भागवत की सुने । क्योंकि मोहन भागवत बीजेपी के मेंटर हैं । आरएसेस बीजेपी की गॉडफ़ादर है । बीजेपी ने आरएसएस और मोहन भागवत को सुनना बंद कर दिया है ।”
“मोहन भागवत जी कहते हैं इनको (जेन ज़ी) एंटी नेशनल मत कहिए । बीजेपी के नेता हमें वायरस कहते हैं । नितिन नबीन कहते हैं कि ये कॉकरोच वायरस है । धर्मेंद्र प्रधान हमें आतंकवादियों की बी टीम कहते थे ।”
अभिजीत दीपके ने कहा “मुझे लग रहा है कि बीजेपी वाले आरएसएस से अलग जाकर बोल रहे हैं । मुझे लगता है कि लोकतंत्र में सरकार को जनता का डर होना चाहिए ।”
उन्होंने कहा “हमारे प्रधानमंत्री हर साल स्वतंत्रता दिवस पर लाल क़िले से भाषण करते हैं । मैं चाहता हूं कि इस बार का उनका भाषण देश के युवाओं के लिए हो, देश के जेन ज़ी के लिए । प्रधानमंत्री बताएं कि बेरोज़गारी पर उन्होंने क्या किया है और वो बेरोज़गारी को कैसे कम करेंगे ।”
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत गुरुवार को जेन ज़ी से जुड़े एक कार्यक्रम में शामिल हुए । वहां पर उन्होंने बातचीत के दौरान कहा कि हाल में हुए जेन-ज़ी प्रदर्शन में जो शिकायतें थीं, वो जायज़ हैं ।
