अमेरिका । देश के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कहना है कि नए बॉलरूम की ज़रूरत राज्य प्रमुखों की मेजबानी, बड़े सरकारी समारोहों और आधिकारिक आयोजनों के लिए है ।
अमेरिका की एक संघीय अदालत ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रस्तावित 40 करोड़ डॉलर के व्हाइट हाउस बॉलरूम के निर्माण पर रोक लगाने का आदेश दिया है । यह फैसला ट्रंप प्रशासन के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है और अब इस मामले के अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचने की संभावना है ।
अदालत ने कहा कि व्हाइट हाउस में इतना बड़ा बॉलरूम बनाया जाए या नहीं, इसका फैसला कांग्रेस को करना है । अदालत के बहुमत ने कहा “इतने बड़े बॉलरूम का निर्माण होना चाहिए या नहीं, यह कांग्रेस तय करेगी । कार्यपालिका अपने स्तर पर ऐसा फैसला नहीं ले सकती ।” अदालत ने अपने फैसले में कहा कि कांग्रेस ने कार्यपालिका को व्हाइट हाउस(जनता का घर) को किसी राष्ट्रपति की व्यक्तिगत इच्छा के अनुसार बड़े पैमाने पर बदलने या पुनर्निर्माण करने का असीमित अधिकार नहीं दिया है । इससे पहले एक संघीय न्यायाधीश ने दो बार बॉलरूम के ज़मीन के ऊपर होने वाले निर्माण पर रोक लगाई थी । हालांकि भूमिगत निर्माण कार्य जारी रखने की अनुमति दी गई थी । इसके बाद ट्रंप प्रशासन ने अपीलीय अदालत का रुख़ किया था । अपीलीय अदालत ने अपने आदेश को 14 दिनों के लिए स्थगित रखा है, ताकि ट्रंप प्रशासन चाहे तो इस फैसले को अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दे सके । व्हाइट हाउस ने इस फैसले पर फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है ।
राष्ट्रपति ट्रंप का कहना है कि नए बॉलरूम की ज़रूरत राज्य प्रमुखों की मेजबानी, बड़े सरकारी समारोहों और आधिकारिक आयोजनों के लिए है । उन्होंने यह भी दावा किया है कि यह परियोजना राष्ट्रीय सुरक्षा के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है अप्रैल में व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स एसोसिएशन के डिनर के दौरान हुई हत्या की कोशिश के बाद ट्रंप ने इस बॉलरूम की आवश्यकता पर फिर जोर दिया था ।
