नई दिल्ली । राहुल गांधी ने भारत में महिलाओं की स्थिति पर बात की तो किरेन रिजिजू ने इसे ‘महिला आरक्षण’ से जोड़कर टिप्पणी की । कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने महिला आरक्षण पर संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू की टिप्पणी का जवाब दिया है ।
राहुल गांधी ने कहा “रिजिजू जी, संसदीय कार्य मंत्री होने के नाते आपसे बेहतर यह कौन जानता होगा- कांग्रेस के पूर्ण समर्थन के साथ महिला आरक्षण विधेयक साल 2023 में ही सर्वसम्मति से पारित हो चुका है ।”
“सवाल यह है कि तीन साल बाद भी वह लागू क्यों नहीं हुआ और अब आप उसे परिसीमन से बेवजह क्यों जोड़ना चाहते हैं ? साल 2023 का क़ानून लागू कीजिए बिना किसी शर्त के ।”
इससे पहले भारत में महिलाओं की स्थिति को लेकर राहुल गांधी ने अपना एक वीडियो सोशल मीडिया एक्स पर जारी किया था ।
इस वीडियो को शेयर करते हुए किरेन रिजिजू ने लिखा,”यह कांग्रेस पार्टी की ओर से एक सकारात्मक संदेश लगता है । महिलाओं को लेकर राहुल गांधी जी के रुख में स्पष्ट बदलाव दिखाई दे रहा है । अब उम्मीद है कि कांग्रेस पार्टी महिला आरक्षण विधेयक का बिना किसी शर्त के समर्थन करेगी ।”
दरअसल राहुल गांधी ने शुक्रवार को अपने वीडियो में कहा था “मुझसे महिलाओं के मुद्दे पर एक सवाल किया गया था । जिसका मैंने जवाब दिया । लेकिन उसके बाद से मैं इस पर गहराई से विचार कर रहा हूं । मुझे लगता है कि भारत में महिलाओं की क्षमता पिंजरे में बंद है । उन्हें ख़ुद को ज़ाहिर नहीं करने दिया जाता उन्हें कल्पना करने से भी रोका जाता है ।”
“मुझे लगता है कि कोई भी देश महिलाओं पर अंकुश लगा कर आगे नहीं बढ़ सकता । इस देश में जो राजनीति होनी चाहिए उसमें लोगों को समझाने की ज़रूरत है कि महिलाओं को अपनी बात रखने का मौक़ा दें ।”
राहुल गांधी ने कहा “महिलाओं को घर पर अपने विचार रखने, सड़कों पर आज़ादी के साथ चलने का मौक़ा मिलना चाहिए महिलाओं को पितृसत्ता और उनके नियंत्रण से आज़ादी मिलनी चाहिए…”
