World News । पश्चिमी कनाडा के एक दूरदराज़ इलाक़े में तेजी से फैल रही जंगल की आग का दायरा दोगुना हो गया है । इसकी वजह से हज़ारों लोगों को अपने घर छोड़ कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा ।
बीसी वाइल्डफ़ायर सर्विस के मुताबिक बाल्ड रेंज की आग अब ब्रिटिश कोलंबिया के समरलैंड और ओकानागन-सिमिलकामीन ज़िलों में 95 वर्ग किलोमीटर से ज़्यादा इलाक़े में फैल चुकी है । ओकानागन-सिमिलकामीन के क्षेत्रीय ज़िले की इमरजेंसी सेवा के अधिकारी एरिक थॉम्पसन ने कहा कि आग के लिहाज से संवेदनशील इस इलाक़े में उन्होंने इतनी जल्दी और इतनी बड़ी आग पहले फैलती नहीं देखी । इस इलाक़े में स्थानीय समय के मुताबिक़ शनिवार सुबह तक आग पर काबू नहीं पाया जा सका था । क़रीब बारह हज़ार की आबादी वाले समरलैंड ज़िले में लोगों को घर खाली करने का आदेश दिया गया अधिकारियों ने शनिवार सुबह बताया कि पूरे इलाक़े में बिजली भी चली गई । आसपास के ओकानागन, पीचलैंड और ओकानागन-सिमिलकामीन ज़िलों ने भी कुछ इलाक़ों में लोगों को घर खाली करने के आदेश जारी किए हैं । कुछ अन्य इलाक़ों में लोगों को घर खाली करने की संभावना को देखते हुए तैयार रहने की चेतावनी दी गई है ।
