ओमान । देश के उच्चाधिकारियों ने शनिवार को कहा कि भविष्य में होर्मुज़ स्ट्रेट के संचालन और प्रबंधन को लेकर ईरान के साथ हुई बातचीत सकारात्मक और रचनात्मक रही ।
हालांकि ओमान ने इस रास्ते से गुज़रने वाले जहाज़ों पर लगातार हो रहे हमलों को लेकर चिंता भी जताई है ।
फ़ारसी के मुताबिक़ ओमान के विदेश मंत्रालय ने ईरान का नाम लिए बिना होर्मुज़ स्ट्रेट से गुज़र रहे जहाजों पर बार-बार हो रहे हमलों की निंदा की । मंत्रालय ने कहा कि होर्मुज़ स्ट्रेट में जहाज़ों की आवाजाही के तरीके को लेकर चल रही बातचीत सकारात्मक और रचनात्मक माहौल में आगे बढ़ रही है । ओमान के विदेश मंत्रालय ने सभी पक्षों से अपील की कि वे ऐसा कोई भी कदम उठाने से बचें, जिससे बातचीत में हो रही प्रगति प्रभावित हो सकती है ।
ईरान के विदेश मंत्री ने क्या कहा

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची बोले कि स्ट्रेट के संचालन की बातचीत अंतिम चरण में पहुंच गई है ।
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने कहा है कि होर्मुज़ स्ट्रेट के संचालन और जहाज़ों की आवाजाही के लिए क़ानूनी व्यवस्था को लेकर ओमान के साथ बातचीत अंतिम चरण में पहुंच गई है । हालांकि उन्होंने साफ़ किया कि ओमान के साथ समझौता होने का मतलब यह नहीं है कि होर्मुज़ स्ट्रेट तुरंत खोल दिया जाएगा । अराग़ची ने पत्रकारों से कहा कि होर्मुज़ स्ट्रेट में जहाज़ों के लिए रास्ता तय करने और उसके प्रबंधन को लेकर ओमान के साथ बातचीत चल रही है और दोनों देश समझौते के काफ़ी करीब हैं उन्होंने कहा कि होर्मुज़ को खोलने का फैसला कुछ दूसरी परिस्थितियों पर भी निर्भर करेगा । इनमें अमेरिका की ओर से इस्लामाबाद समझौते के उल्लंघन की भरपाई करना भी शामिल है ।
