
बैठक के बाद शिरोमणि अकाली दल ने देश में महिला आरक्षण कानून को तुरंत लागू करने की मांग की ।
पंजाब । शिरोमणि अकाली दल ने केंद्र सरकार की ओर से सदन में रखे गए उस प्रस्ताव का समर्थन किया जिसमें सभी राज्यों की सीटों में 50 फीसदी की समान बढ़ोतरी करने की बात कही गई है । अकाली दल के वरिष्ठ नेताओं ने शनिवार को चंडीगढ़ में बैठक की । जिसके बाद पार्टी ने जोर देकर कहा कि महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयकों, दोनों को बिना देरी के लागू किया जाना चाहिए ।
ग़ौरतलब है कि शुक्रवार को सुखबीर सिंह बादल ने पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाक़ात की थी । पार्टी की इस घोषणा को पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज़ से भी अहम संकेत माना जा रहा है ।
पार्टी के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने एक्स पर पोस्ट कर कहा “शिरोमणि अकाली दल सिख गुरुओं की शिक्षाओं से प्रेरणा लेता है । जिन्होंने महिलाओं की गरिमा, समानता और बराबर अधिकारों की वकालत की ।”
उन्होंने आगे यह भी कहा कि शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) पहले ही अपने सदन में महिलाओं के लिए आरक्षण का प्रावधान करके एक उदाहरण पेश कर चुकी है । संसद के सामने मौजूद अहम मुद्दों पर चर्चा के बाद अकाली दल ने निष्पक्ष और संतुलित परिसीमन की भी मांग की । पार्टी का कहना है कि डीलिमिटेशन ऐसा होना चाहिए, जिससे सभी राज्यों को बराबर प्रतिनिधित्व मिल सके ।
