केरल । राज्य की राजधानी तिरुवनंतपुरम में लोअर प्राइमरी स्कूल शिक्षक (एलपीएसटी) रैंक लिस्ट में शामिल अभ्यर्थियों ने सचिवालय के बाहर अनोखे तरीके से प्रदर्शन किया ।
एएनआई के अनुसार प्रदर्शनकारियों ने प्रतीकात्मक तौर पर घास खाकर सरकार के ख़िलाफ़ अपना विरोध जताया ।
प्रदर्शनकारी आरोप लगा रहे हैं कि लोक सेवा आयोग (पीएससी) की रैंक लिस्ट में शामिल होने के बावजूद उन्हें अब तक नियुक्ति आदेश नहीं मिला है । एक प्रदर्शनकारी ने कहा कि उनकी भूख हड़ताल 10 दिनों से ज़्यादा समय से जारी है । लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है । उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सरकार ने उनकी मांगों पर चर्चा के लिए उन्हें बातचीत के लिए भी नहीं बुलाया है । एक प्रदर्शनकारी ने कहा “यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि सरकार हमारी मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है और न ही हमें बातचीत के लिए बुला रही है । हम चाहते हैं कि सरकार कम से कम हमारे साथ बैठकर इस मुद्दे पर चर्चा करे ।” उन्होंने कहा कि सरकार के सत्ता में आने से पहले उन्हें भरोसा दिलाया गया था कि उनकी मांगों को पूरा किया जाएगा । प्रदर्शनकारी ने कहा कि उन्होंने शिक्षक बनने के लिए कड़ी मेहनत और पढ़ाई की है और अब नियुक्ति उनका अधिकार है प्रदर्शनकारियों ने सरकार से जल्द नियुक्ति आदेश जारी करने और उनकी मांगों पर सकारात्मक कदम उठाने की अपील की है ।
