Oplus_131072
प्रयागराज । राहुल गांधी ने कहा कि देश में करीब 40 करोड़ ऊर्जावान युवा हैं और यही भारत की असली ताक़त हैं ।
लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने शनिवार को प्रयागराज में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में युवाओं से संवाद किया । इस दौरान उन्होंने कहा कि इस देश में रोज़गार पाना मुश्किल हो गया है ।
उन्होंने कहा “हर 1000 युवाओं में से केवल 12 को स्थायी नौकरी मिल पाती है । जहां तक आपके डेटा का सवाल है । वह आपसे लेकर बड़ी कंपनियों- जियो,अडानी, फेसबुक और गूगल को सौंप दिया जाता है और आप उसी जाल में फंस जाते हैं । आपको कहा जाता है कि जितनी चाहें रील देखें, जितने चाहें व्हाट्सऐप संदेश भेजें और इंस्टाग्राम पर कंटेंट देखें या बनाएं । यह 21वीं सदी की लत है ।”
“इसके बाद आपसे कहा जाता है कि ब्लिंकिट या ऊबर के लिए काम करें या दिहाड़ी मज़दूरी करें । आप इस 21वीं सदी की लत में डूबे रह सकते हैं,लेकिन आपको नौकरी नहीं मिलेगी । इस देश में रोज़गार पाना मुश्किल हो गया है ।”
उन्होंने कहा कि देश में करीब 40 करोड़ ऊर्जावान युवा हैं और यही भारत की असली ताक़त हैं । राहुल गांधी पिछले कुछ महीनों से देश के अलग अलग हिस्से में छात्रों से संवाद कर रहे हैं । जून में उन्होंने कोटा में स्टूडेंट्स के साथ संवाद किया था जिसमें बड़ी संख्या में युवा जुटे थे । इस संवाद को ‘छात्रों की गूंज’ नाम दिया गया । जिसमें राहुल गांधी ने देश की मौजूदा शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए । भाजपा ने कांग्रेस को घेरते हुए इस कार्यक्रम को ‘नीट पर नौटंकी’ और ‘कॉमेडी सर्कस’ करार दिया है ।
हालांकि कांग्रेस ने कहा था कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को कोटा के बाद लखनऊ, पटना और दिल्ली में आयोजित कर ‘शिक्षा व्यवस्था’ और ‘पेपर लीक’ के मुद्दे उठाएगी ।
