बुलंदशहर के एसएसपी दिनेश कुमार सिंह के मुताबिक़ मारे गए शख़्स पर 50 हज़ार रुपये का ईनाम घोषित था ।
लखनऊ । उत्तर प्रदेश पुलिस ने दावा किया है कि बुलंदशहर में एक नाबालिग लड़की के बलात्कार और हत्या के अभियुक्त की मुठभेड़ में मौत हो गई है ।
बुलंदशहर के एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा “जानकारी के मुताबिक़ मृतक की पहचान मोनू के रूप में हुई है । वह फ़तेहपुर के जादवन गांव के चोला थाना इलाक़े का रहने वाला है ।”
उन्होंने बताया “मारे गए शख़्स पर 31 जुलाई की रात बुलंदशहर के ही वैर रेलवे स्टेशन परिसर में एक नाबालिग लड़की का बलात्कार कर उसकी हत्या करने का आरोप था । पुलिस इस मामले में उसकी तलाश कर रही थी ।”
दिनेश कुमार सिंह के मुताबिक़ मोनू की गिरफ़्तारी पर 50 हज़ार रुपये का इनाम घोषित था । उसके ख़िलाफ़ गौतम बुद्ध नगर,बुलंदशहर, जीआरपी बरेली और अलीगढ़ में कई मामले दर्ज हैं ।
उन्होंने कहा “थाना क्षेत्र गुलावटी के छपरावत के पास दो मोटरसाइकिल सवार बदमाशों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई । पुलिस ने जांच के लिए उन्हें रुकने को कहा, लेकिन ख़ुद को घिरता देख उन्होंने पुलिस पर फ़ायरिंग कर दी ।”
दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि इस गोलीबारी में एक सब-इंस्पेक्टर और एक कांस्टेबल घायल हुए, जबकि दो अन्य पुलिसकर्मियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर भी गोलियां लगीं ।
उन्होंने कहा कि हालात को देखते हुए पुलिस ने आत्मरक्षा में तुरंत जवाबी फायरिंग की और पुलिस की गोलीबारी में एक बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गया । जबकि दूसरा भागने में सफल रहा ।
घायल शख़्स (मोनू) को इलाज के अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया ।
