सीरिया । देश की एक अदालत ने अपदस्थ तानाशाह बशर अल- असद को युद्ध अपराधों और मानवता के ख़िलाफ़ अपराधों का दोषी ठहराते हुए मौत की सजा सुनाई है ।
हालाँकि असद सीरिया में मौजूद नहीं हैं । दिसंबर 2024 में असद सरकार के सत्ता से हटने के बाद वह अपने परिवार के साथ राजधानी दमिश्क से रूस के मॉस्को भाग गए थे ।
इसके साथ ही उनके परिवार का पांच दशक से चला आ रहा शासन खत्म हो गया था । इसी मामले में अदालत ने असद के चचेरे भाई और दक्षिणी सीरिया के दारा प्रांत में राजनीतिक सुरक्षा विभाग के पूर्व प्रमुख आतिफ़ नजीब को भी मौत की सज़ा सुनाई । सज़ा सुनाए जाने के दौरान वह अदालत में पिंजरे के अंदर मौजूद थे दारा को असद शासन के ख़िलाफ़ विद्रोह शुरू करने वाली जगह माना जाता है । मार्च 2011 में सरकार विरोधी नारे लिखने के आरोप में कुछ किशोरों को हिरासत में लेने और कथित तौर पर प्रताड़ित करने के बाद शहर में विरोध प्रदर्शन शुरू हुए थे । सुरक्षा बलों ने इन प्रदर्शनों पर हिंसक कार्रवाई की थी इस कार्रवाई के बाद पूरे सीरिया में विरोध प्रदर्शन शुरू हुए जो आगे चलकर गृहयुद्ध में बदल गए । इसमें हज़ारों लोगों की मौत हुई । सीरिया की अंतरिम सरकार ने इस साल की शुरुआत में पांच दशक से ज़्यादा समय तक देश पर शासन करने वाले असद शासन से जुड़े अधिकारियों के ख़िलाफ़ मुक़दमे शुरू किए थे । नजीब इस प्रक्रिया में मुक़दमे का सामना करने वाले सबसे वरिष्ठ अधिकारियों में से एक हैं । उन्हें हत्या और “मौत का कारण बनने वाली यातना” समेत कई अपराधों का दोषी ठहराया गया । यह स्पष्ट नहीं है कि सीरिया के नए अधिकारी मॉस्को से असद के प्रत्यर्पण को हासिल कर पाएंगे या नहीं सीरिया के नए नेतृत्व की ओर से असद के ख़िलाफ़ यह पहली कार्रवाई नहीं है । पिछले दिसंबर में उनके ख़िलाफ़ हत्या और यातना के आरोप में गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था ।
