– जयराम रमेश ने कहा है कि 17 दिनों से अमित शाह का सदन में नहीं आना अभूतपूर्व है ।
नई दिल्ली । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के मंगलवार को भी लोकसभा या राज्यसभा नहीं पहुंचने पर कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने टिप्पणी की है ।
जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा “तमाम ख़बरें प्लांट करने और नैरेटिव बदलने की तमाम कोशिशों के बावजूद,केंद्रीय गृह मंत्री आज भी लोकसभा में नज़र नहीं आए ।”
जयराम रमेश ने कहा “जबकि उनके नाम से सदन में काम काज सूचीबद्ध था । एक बार फिर उन्होंने साबित कर दिया कि जो दूसरों को डराते-धमकाते हैं, वे ख़ुद कायर होते हैं ।” उन्होंने आगे लिखा कि पिछले 17 दिनों से अमित शाह लोकसभा और राज्यसभा से गायब हैं,जो वास्तव में अभूतपूर्व है ।
उन्होंने पूछा “ऐसे में स्वाभाविक रूप से सवाल उठता है- क्या वे ठीक हैं ? क्या नंबर 1 और नंबर 2 के बीच सब कुछ ठीक है? देश जानना चाहता है ।”
दरअसल पिछले महीने दिल्ली के जंतर-मंतर पर सीजेपी (कॉकरोच जनता पार्टी) के समर्थकों और अन्य युवाओं के प्रदर्शन के दौरान सुरक्षाबलों की कार्रवाई पर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल लगातार अमित शाह के बयान की मांग कर रहे हैं । सोमवार को संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा था कि अमित शाह जवाब देने के लिए तैयार हैं, लेकिन विपक्ष को शांति के साथ उनका जवाब सुनना होगा ।
हालाँकि सोमवार शाम को कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस कर कहा “अमित शाह अचानक कह रहे हैं कि वो बोलने के लिए तैयार हैं । हमें उनकी मनगढ़ंत बातों में कोई दिलचस्पी नहीं है । हम यह जानना चाहते हैं कि क्या उन्होंने बच्चों पर गोली चलाने की अनुमति दी थी या नहीं उन्हें पहले यह स्पष्ट रूप से बताना होगा,उसके बाद कोई चर्चा होगी ।”
