
– कोलंबिया के पेरेइरा में भूकंप से हुई तबाही के बाद मलबों के बीच से गुज़रती एक महिला ।
कोलंबिया । देश में आए 7.4 तीव्रता के भूकंप में अब तक कम से कम 169 लोगों की मौत हो गई है । जबकि बड़ी संख्या में लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है ।
हालात को देखते हुए देश में आपातकाल घोषित कर दिया गया है । अधिकारियों ने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है ।
कोलंबिया की भूवैज्ञानिक सेवा के मुताबिक़ भूकंप का केंद्र चोको प्रांत में ज़मीन से क़रीब 103 किलोमीटर की गहराई में था । इसके झटके पश्चिमी कोलंबिया के सैकड़ों किलोमीटर तक फैले बड़े इलाक़े में महसूस किए गए । इस भूकंप के झटके पड़ोसी देश वेनेज़ुएला, इक्वाडोर और पनामा में भी महसूस किए गए ।
भूकंप से सबसे ज़्यादा प्रभावित इलाक़ों में कॉफ़ी उत्पादन के लिए मशहूर पेरेइरा शहर और उसके आसपास का क्षेत्र शामिल है । वैले डेल काउका क्षेत्र में भी भूकंप से भारी नुक़सान की ख़बर है ।
भूकंप के केंद्र से क़रीब 55 किलोमीटर दूर स्थित पेरेइरा शहर में भारी तबाही हुई है । स्थानीय प्रशासन के मुताबिक़, पेरेइरा शहर और आसपास के इलाक़ों में कम से कम 40 लोगों की मौत हुई है और 65 इमारतें ढह गई हैं ।
पेरेइरा से क़रीब 160 किलोमीटर दक्षिण में स्थित काली शहर में भी बड़े पैमाने पर नुकसान हुआहै अधिकारियों के मुताबिक़ यहां 32 इमारतें ढह गई हैं । काली भूकंप के केंद्र से क़रीब 200 किलोमीटर दूर है । कोलंबिया के कैली शहर में भूकंप की वजह से अस्पताल की इमारत को भी नुक़सान हुआ है ।
बचाव और राहत अभियान जारी है प्रशासन ढही हुई इमारतों में फंसे लोगों को निकालने के लिए अभियान चला रहा है । अधिकारियों को आशंका है कि मलबे में और लोग फंसे हो सकते हैं, ऐसे में मृतकों और घायलों की संख्या बढ़ सकती है ।
