यूक्रेन । देश के राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने दावा किया है कि यूक्रेन की सेना ने मंगलवार रात नोवोरोस्सिस्क में रूसी नौसैनिक अड्डे को निशाना बनाकर एक विशेष अभियान चलाया ।
ज़ेलेंस्की ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा “नोवोरोस्सिस्क काला सागर में रूसी नौसेना का आखिरी बड़ा मज़बूत ठिकाना है और यह अग्रिम मोर्चे से 300 किलोमीटर से ज़्यादा दूर है ।”
उन्होंने कहा कि यूक्रेन के पल्यानित्सिया जेट ड्रोन, नेप्च्यून मिसाइलों और मानवरहित नौसैनिक प्रणालियों ने तय ठिकानों पर सफलतापूर्वक हमला किया ।
जेलेंस्की ने दावा किया कि एयर डिफेंस पोजिशन,जहाज़ खड़े करने वाले घाटों और बंदरगाह के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाए जाने की पुष्टि हुई है ।
जे़लेंस्की ने यूक्रेन की सेना,सुरक्षा सेवा और खुफ़िया एजेंसियों के जवानों को उनकी सटीक कार्रवाई और अच्छे नतीजों के लिए धन्यवाद दिया ।
उन्होंने कहा “जब तक रूस की आक्रामकता जारी रहेगी । रूसी नौसैनिक बेड़ा और उसे मदद देने वाला बुनियादी ढांचा सुरक्षित नहीं रहेगा । ज़ेलेंस्की ने कहा कि युद्ध को खत्म किया जाना चाहिए और कूटनीति के लिए सभी उचित प्रस्ताव मौजूद हैं ।”
