रूस । देश के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने बुधवार को कहा कि अगर यूरोपीय देश रूसी व्यापारिक जहाज़ों को जब्त करना शुरू करते हैं, तो रूस भी उसी तरह जवाब देगा ।
रूस के प्रशांत बेड़े के कमांडर ने कहा कि उनकी सेना उन देशों के विदेशी जहाज़ों का “निरीक्षण करने और उन्हें हिरासत में लेने” के लिए तैयार है, जिन्हें रूस शत्रु मानता है ।
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़ पुतिन ने ये बातें रूस के सुदूर पूर्व में नौसेना के अभ्यास की निगरानी करते हुए कही । यह बयान ऐसे समय आया है जब यूरोपीय यूनियन रूस के कथित “शैडो फ़्लीट” पर दबाव बढ़ा रहा है । ईयू ने सैकड़ों जहाज़ों पर नए प्रतिबंध लगाए हैं और कुछ जहाजों और उन के चालक दल को जांच के लिए रोका भी है । कुछ यूरोपीय सरकारों ने प्रतिबंधों से बचने वाले संदिग्ध जहाज़ों के ख़िलाफ़ समुद्री कार्रवाई और सख़्त करने की संभावना तलाशने की बात कही है ।
