अमेरिका । देश के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ऐलान किया है कि व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव कैरोलिन लेविट इस महीने के आखिर में अपने पद से इस्तीफा दे देंगी । ट्रंप ने लेविट को अपने “सबसे भरोसेमंद सहयोगियों में से एक” बताते हुए कहा कि वह अपने छोटे बच्चों और परिवार के साथ ज्यादा वक्त बिताना चाहती हैं ट्रंप ने कहा कि वह उनके इस फैसले को पूरी तरह समझते और सम्मान करते हैं ।
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा कि लेविट अब उनकी शीर्ष बाहरी सलाहकारों में से एक रहेंगी और रिपब्लिकन पार्टी में भी उनकी प्रभावशाली भूमिका बनी रहेगी । 28 साल की लेविट पिछले साल व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव बनी थीं इस पद पर पहुंचने वाली वह अब तक की सबसे कम उम्र की व्यक्ति हैं । हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि उनकी जगह अगला प्रेस सचिव कौन होगा । लेविट ने मई में एक बेटी को जन्म दिया था. उनका एक दो साल का बेटा भी है । वह पिछले महीने ही मातृत्व अवकाश के बाद काम पर लौटी थीं । उनके पति का नाम निकोलस रिकियो है ।
ट्रंप के ऐलान के बाद लेविट ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव के तौर पर काम करना “उनकी ज़िंदगी का सबसे बड़ा सम्मान और रोमांच” रहा है ।
उन्होंने कहा कि एक मां बनना,दूसरी संतान का स्वागत करना और दुनिया की सबसे चुनौतीपूर्ण नौकरियों में से एक को साथ-साथ निभाना उनकी ज़िंदगी का सबसे सुखद, लेकिन सबसे मुश्किल दौर रहा है ।
लेविट ने आगे कहा कि बेटी के जन्म के बाद व्हाइट हाउस लौटने पर उन्हें लगातार यह महसूस हुआ कि वह अपने दो छोटे बच्चों की अच्छी मां बनने के साथ-साथ प्रेस सचिव की नौकरी के लिए जरूरी लगातार समय, ऊर्जा और ध्यान नहीं दे पा रही हैं इसी वजह से उन्होंने व्हाइट हाउस छोड़ने और जिंदगी के एक नए अध्याय की शुरुआत करने का फैसला लिया है ।
