दक्षिण कोरिया । देश का इंचियोन इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहली बार दुनिया का सबसे व्यस्त एयरपोर्ट बन गया है । शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, इस साल के पहले छह महीनों में इंचियोन एयरपोर्ट से 3.84 करोड़ अंतरराष्ट्रीय यात्रियों ने सफर किया ।
एयरपोर्ट्स काउंसिल इंटरनेशनल (एसीआई) के प्रारंभिक आंकड़ों के अनुसार इस सूची में लंदन का हीथ्रो एयरपोर्ट 3.779 करोड़ यात्रियों के साथ दूसरे और सिंगापुर का चांगी एयरपोर्ट 3.453 करोड़ यात्रियों के साथ तीसरे स्थान पर रहा । इंचियोन एयरपोर्ट की इस बढ़त की एक बड़ी वजह मध्य पूर्व में चल रहा अमेरिका-ईरान संघर्ष भी माना जा रहा है ।
एयरपोर्ट प्रबंधन के मुताबिक संघर्ष के चलते मध्य पूर्व के प्रमुख एविएशन हब से कुछ यात्रियों ने अपने रूट बदल दिए और यूरोप जाने के लिए इंचियोन के रास्ते यात्रा करना शुरू किया ।
दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट जो 2024 और 2025 की पूरे साल की रैंकिंग में दूसरे स्थान पर रहा था । इस बार शीर्ष पांच से बाहर हो सकता है ।
वहीं, लंदन का हीथ्रो 2024 में पांचवें और 2025 में सातवें स्थान पर था । इंचियोन की रैंकिंग इन दोनों वर्षों में क्रमशः 12वीं और 13वीं रही थी ।
इंचियोन एयरपोर्ट कॉरपोरेशन के मुताबिक पिछले साल की समान अवधि की तुलना में ट्रांजिट यात्रियों की संख्या में 18 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है । इनमें कई ऐसे यात्री हैं । जो पहले यूरोप जाते समय दुबई के रास्ते कनेक्टिंग फ्लाइट लेते थे, लेकिन अब इंचियोन के जरिए यात्रा कर रहे हैं ।
एयरपोर्ट के आंकड़ों के मुताबिक इंचियोन से ट्रांजिट करने वाले और यूरोप को अंतिम गंतव्य बनाने वाले यात्रियों की संख्या 63.2 फीसदी बढ़कर 2.10 लाख हो गई है । मध्य पूर्व में जारी संघर्ष ने वैश्विक हवाई यातायात के रूट और यात्रियों की पसंद पर भी असर डाला है ।
