
आशीष बनर्जी, ममता बनर्जी सरकार में स्कूली शिक्षा और कृषि मंत्री रहे, साल 2021 में उनको विधानसभा का उपाध्यक्ष बनाया गया था ।
पश्चिम बंगाल । पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सरकार में मंत्री और विधानसभा के उपाध्यक्ष रहे तृणमूल कांग्रेस नेता आशीष बनर्जी का शव रविवार सुबह उनके आवास से सटे पार्टी के दफ्तर में बरामद किया गया ।
वो पश्चिम बंगाल में बीरभूम ज़िले की रामपुरहाट सीट से लगातार पांच बार विधायक रहे ।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि कमरे में उनका शव पाया गया था । फ़िलहाल मौत के कारण की जांच की जा रही है ।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि शव के पास एक सुसाइड नोट भी मिला है । लेकिन अधिकारियों ने उसके बारे में कुछ बताने से मना कर दिया । फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है । आशीष साल 2001 से ही इस सीट से लगातार चुनाव जीतते रहे थे । लेकिन इस साल बीजेपी उम्मीदवार ध्रुव साहा के हाथों हार का सामना करना पड़ा था । इलाक़े के लोगों ने सबसे पहले आशीष के शव को देखा और पुलिस को सूचना दी । मौके पर पहुंची रामपुरहाट थाने की पुलिस ने शव को बरामद किया । आशीष बनर्जी,ममता बनर्जी सरकार में स्कूली शिक्षा और कृषि मंत्री रहे थे । साल 2021 में उनको विधानसभा का उपाध्यक्ष बनाया गया था ।आशीष ने बर्दवान विश्वविद्यालय से बांग्ला में डॉक्टरेट करने के बाद रामपुरहाट कॉलेज में अध्यापन से करियर शुरू किया था लेकिन बाद में राजनीति में शामिल हो गए । उनको ममता बनर्जी का क़रीबी माना जाता था ।
