उत्तर प्रदेश । वाराणसी एयरपोर्ट पर रविवार सुबह फ्रिस्किंग (चेकिंग) के दौरान एक यात्री की लाइसेंसी रिवॉल्वर से अचानक गोली चल गई । पुलिस के मुताबिक़, घटना में दो ग्राउंड स्टाफ को चोटें आई हैं ।
डीसीपी गोमती नीतू कादयान ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे एयरपोर्ट पर फायरिंग की सूचना मिली थी । इसके बाद फूलपुर पुलिस और अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की ।
पुलिस के मुताबिक “आजमगढ़ के रहने वाले कमलेश राय एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से मुंबई जा रहे थे ।
उन्होंने अपने लाइसेंसी रिवॉल्वर के बारे में एयरपोर्ट अथॉरिटी को पहले ही जानकारी दी थी जांच के दौरान कथित तौर पर रिवॉल्वर से एक राउंड अचानक फायर हो गया, जिससे वहां मौजूद दो ग्राउंड स्टाफ घायल हो गए ।”
एक घायल महिला स्टाफ़ सुमन ने बताया कि यात्रियों के हथियार की स्क्रीनिंग के दौरान पहले यह देखा जाता है कि बंदूक लोडेड है या अनलोडेड ।
महिला के मुताबिक यात्री ने हथियार को अनलोडेड बताया था लेकिन वह लोडेड था और उसे दिखाने के दौरान अचानक गोली चल गई । पुलिस ने कहा कि मामले में नियमों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है ।
