नई दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) का आरोप है कि कांग्रेस पार्टी के मुख्यालय में ‘वंदे मातरम गाए जाने से रोका गया ।’ इस पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस नेता सोनिया गांधी पर हमला बोला है ।
अमित शाह ने कहा “कांग्रेस पार्टी मुख्यालय में वंदे मातरम का गान हो रहा था । राष्ट्रगीत के दौरान कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष से इसे रोकने के लिए कहा ।”
उन्होंने राजस्थान के चित्तौड़गढ़ में एक कार्यक्रम के दौरान कहा “यह पूरा मामला टीवी पर देश के लोगों ने देखा और सोनिया जी, 140 करोड़ लोग आपको देख रहे हैं ।”
उन्होंने कहा “80 साल बाद बंकिम बाबू के इस अमर गीत को फिर से सम्मान मिल रहा है । लेकिन सोनिया जी को यह भी रास नहीं आ रहा है ।”
शाह ने आगे कहा “आपने जो पाप किया है । उसे देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी । कोई वंदे मातरम जैसे राष्ट्रगीत को अधूरा छोड़ने के बारे में सपने में भी कैसे सोच सकता है ?”
गौरतलब है कि दिल्ली स्थित कांग्रेस हेडक्वार्टर में आयोजित ध्वाजारोहण कार्यक्रम में राष्ट्र गीत ‘वंदे मातरम’ पूरा बजाया गया । इस दौरान एक अंतराल के बाद कांग्रेस के बड़े नेता ‘असहज’ दिखे ।
