— दिल्ली में बीजेपी ने 1984 में हुए सिख दंगे के विरोध में निकाला मार्च
नई दिल्ली । 1984 के सिख विरोधी दंगों को लेकर कांग्रेस के ख़िलाफ़ बीजेपी रविवार को पश्चिमी दिल्ली में मार्च निकाल रही है ।
यह मार्च हरि नगर स्थित डीटीसी बस डिपो से शुरू होकर तिलक नगर मेट्रो स्टेशन तक निकाला जा रहा है । इस मार्च में सिख समुदाय के लोगों के साथ बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता भी शामिल हैं ।
शुभ राणा ने बताया कि मार्च का नेतृत्व केंद्रीय मंत्री सरदार हरदीप सिंह पुरी कर रहे हैं । उनके साथ दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष, केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा और दिल्ली सरकार में मंत्री सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद हैं । मार्च में 1984 के सिख विरोधी दंगों में अपने परिजनों को खोने वाले कई परिवार भी शामिल हुए हैं दिल्ली की मुख़्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत शामिल लोगों ने काली पट्टी लगाकर मार्च किया ।
समाचार एजेंसी एएनआई से बातचीत के दौरान रेखा गुप्ता ने कहा, “लोकतंत्र की दुहाई देने वालों (कांग्रेस) से आज सिख समाज पूछ रहा है कि जो 1984 में हुआ था क्या वो लोकतंत्र की हत्या नहीं थी ?”
उन्होंने कहा “आज देश में अराजकता फैलाने का काम वो कर रहे हैं इस मार्च में जो हजारों सिख भाई-बहन शामिल हुए हैं वो कांग्रेस से जवाब मांग रहे हैं कि उन्हें न्याय कब मिलेगा ।”
