कानपुर । उपजा कानपुर इकाई का क्षेत्रीय पत्रकार सम्मेलन आज कानपुर नगर गुमटी नं. 5 के सांझा हाल में संपन्न हुआ । सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए उत्तर प्रदेश जर्नलिस्ट एसोसिएशन के प्रांतीय महामंत्री राधेश्याम करण ने कहा कि संगठन पत्रकार हितों के लिए संघर्ष करने और कल्याणकारी योजनाओं को क्रियान्वित कराए जाने के लिए संकल्पबद्ध है ।
उपजा की कानपुर इकाई द्वारा आयोजित क्षेत्रीय पत्रकार सम्मेलन में इलाहाबाद फतेहपुर बाराबंकी लखनऊ आदि के भी पत्रकार शामिल रहे ।
इस मौके पर बोलते हुए महामंत्री राधेश्याम कर्ण ने कहा कि गत दिनों नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से भी संगठन का 6 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल मिला था और उन्हें पत्रकारों की समस्याओं से अवगत कराया था साथ ही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं पर भी विचार करने का आग्रह किया था । जिस पर मुख्यमंत्री ने शीघ्र यथोचित कार्यवाही करने का आश्वासन दिया था । पत्रकार हितों के लिए उनका संगठन सदैव तत्पर रहता है ।
सभा को संबोधित करते हुए अरुण द्विवेदी ने कहा कि पत्रकारों को अपने दायित्वों के प्रति भी सजग रहना चाहिए ।उन्होंने कहा की पत्रकारों को त्याग की भावना से काम करना चाहिए साथ ही ऐसे लेखन से बचना चाहिए जिससे सामाजिक विद्वेष पैदा हो ।
फतेहपुर इकाई के महामंत्री रवींद्र त्रिपाठी ने इस मौके पर कहा कि वह चार दशकों से पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी सेवाएं दे रहे हैं । विभिन्न संघर्षों को झेला है हर पत्रकार को विषम परिस्थितियों के लिए तैयार रहना चाहिए । गणेश शंकर विद्यार्थी कानपुर की धरती पर सामाजिक सद्भाव के लिए अपनी शहादत दी थी । जिससे आज भी पत्रकार जगत अपने आपको गौरवान्वित महसूस करता है । कार्यक्रम को अमित कुमार ‘देव’ ने भी सम्बोधित किया ।
कानपुर इकाई की अध्यक्ष सरदार सुरेंद्र पाल सिंह व महामंत्री सरदार जगजीत सिंह ने आए हुए अतिथियों का अंग वस्त्र व माल्यार्पण कर सम्मानित किया साथ ही प्रतीक चिन्ह भी भेंट किए ।
