अमौली/फतेहपुर । सदर कोतवाली क्षेत्र के सनगांव निवासी वीरेन्द्र पुत्र विश्वनाथ की लगभग तीन वर्षीय अबोध पुत्री शशि घर के बाहर खेलते समय अचानक रहस्यमई ढंग से गायब हो गई थी । जिसको सोमवार को चाँदपुर थाना पीआरवी 1170 पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के एक गाँव के किनारे स्थित सड़क किनारे से रोते हुए बरामद कर लिया । पीआरवी पुलिस कर्मी बच्ची को गाड़ी में बैठाकर थाने ले गये ।
खोई बच्ची पाकर आंखों में आ गए मां के आंसू
जहाँ से डीसीआर के माध्यम से स्थानीय पुलिस ने सदर कोतवाली पुलिस को बच्ची की बरामदगी के विषय मे सूचना दी । पुलिस ने बच्ची के स्वजनों को सूचना दिया । सूचना पाकर बच्ची के स्वजन तुरन्त चाँदपुर थाने पहुंच गये । थाना प्रभारी ने बच्ची के स्वजनों से बच्ची का नाम पता तस्दीक करने के बाद बरामद बच्ची शशि को सकुशल उसके स्वजनों को सौंप दिया ।
लापता बच्ची को सकुशल वापस पाकर बच्ची के स्वजनों के मुरझाए चेहरे खुशी से खिल उठे । जिन्होंने अपने कलेजे के टुकड़े को गले से लगाते हुए पीआरवी कर्मियों समेत पूरी पुलिस टीम का आभार जताते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया ।
