फतेहपुर । उत्तर प्रदेश फतेहपुर जनपद में युवती के अपहरण और हत्या के मामले में लापरवाही बरतने वाले एसएचओ सहित चार पुलिस कर्मी मुअत्तिल किए गए ।
मामला जनपद के कल्यानपुर थाना क्षेत्र के दलाबलाखेडा (कंसपुर गुगौली) गांव की घटना में एसआईटी की रिपोर्ट के बाद एसपी ने तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक समेत चार पुलिस कर्मियों को मुअत्तिल कर दिया है । इनमें दो पुलिस कर्मी जो अभी भी जनपद में तैनात हैं जिन्हें मुअत्तिल किया गया है। जबकि दो की गैर जनपद तैनाती के चलते मुअत्तिल किए जाने के लिए उनकी तैनाती की जगह पत्राचार किया गया है ।
इधर, युवती के परिजनों ने शव की शिनाख्त का भी दावा किया है । पुलिस ने डीएनए सैंपल की कार्रवाई के बाद शिनाख्त की पुष्टि होने बात कही है । पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि थाना कल्यानपुर क्षेत्र में फरवरी 2021 में एक युवती की अपहरण की सूचना थाने में प्राप्त हुई थी । लेकिन थानाध्यक्ष और तीन सब इंस्पेक्टरों के द्वारा शिकयात की सही जांच नहीं की गई । परिजनों द्वारा इस मामले में कई बार प्रार्थना पत्र भी दिया गया मगर पुलिस ने मामले में अलग बिंदु पर जांच की । जिससे पीड़ित का केस नहीं दर्ज हो सका था ।
इसके बाद युवती के परिजनों ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में की शरण लिया । हाईकोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज हुआ है । आईजी रेंज प्रयागराज की तरफ से इस मामले को लेकर एसआईटी का गठन किया ।
प्रथम दृष्टया जांच में लापरवाही बरतने वाले तत्कालीन थानाध्यक्ष केशव वर्मा व सब इंस्पेक्टर संजीव सिंह,यशकरण और महेंद्र वर्मा के खिलाफ मुअत्तिलीकरण की कार्रवाई की गई है । पूरे मामले की जांच चल रही है । आईजी और एसपी को कोर्ट में तलब किया गया था ।
बताया गया है कि युवती की अपहरण के बाद हत्या के मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की गई थी । जिसमें हाईकोर्ट ने हैवियस कार्पस का आदेश किया है । हाइकोर्ट के आदेश पर कल्यानपुर पुलिस ने हैप्पी सिंह,राही सिंह,संजय सिंह पर युवती के अपहरण,एससी-एसटी समेत कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर तीनों को जेल भेज दिया । मामले की विवेचना बिन्दकी सीओ योगेंद्र सिंह मलिक को मिली थी । जिसमें कोई प्रगति न होने पर हाईकोर्ट ने एसपी के बाद 13 अप्रैल को प्रयागराज रेंज आईजी डॉ० राकेश सिंह को तलब किया है ।
मामले को लेकर आईजी डॉ. राकेश सिंह रविवार की शाम फ़तेहपुर पुलिस लाइन पहुंचे । आईजी ने एसपी,एएसपी, एस आईटी प्रभारी व टीम के साथ पूरे प्रकरण की रिपोर्ट तैयार की है । एसआईटी टीम प्रभारी व सीओ जाफरगंज अनिल कुमार की रिपोर्ट में सामने आया कि कल्यानपुर क्षेत्र के एक गांव दलाबलाखेडा की युवती 23 फरवरी को 2021 को लापता हुई थी । गांव का हैप्पी सिंह युवती को लेकर फरार हो गया था । सूरत (गुजरात) में युवती ने हैप्पी पर शादी का दबाव बनाया । शादी नहीं करने पर युवती कुछ दिन बाद सूरत से गायब हो गई थी ।
