रवीन्द्र त्रिपाठी, फतेहपुर ब्यूरो
फतेहपुर । महिला सशक्तीकरण के दौर में महिलाओं को कितना सम्मान मिल रहा इसका जीता जागता उदाहरण फतेहपुर जिले की तेलियानी ब्लाक में पिछले दिन आयोजित किया गया आरोग्य मेला जिसमें महिला ब्लाक प्रमुख की जगह भाजपा नेता अभिषेक त्रिवेदी को कार्यक्रम में मंचासीन किया गया जबकि महिला ब्लाक प्रमुख श्रीमती पुष्पा देवी खेतों में गेहूं की फसल काटती नजर आयी । हद तो उस समय हो गई जब आरोग्य मेले में लगाये गये बैनर में भी ब्लाक प्रमुख पुष्पा देवी की जगह अभिषेक त्रिवेदी का नाम लिखा गया ।
तेलियानी ब्लॉक ग्राम सराय सहजादा निवासिनी ब्लाक प्रमुख श्रीमती पुष्पा देवी ने बताया कि पिछले दिन बुधवार को आयोजित किये गये आरोग्य मेले के संबंध में उन्हें खण्ड विकास अधिकारी द्बारा कोई जानकारी नहीं दी गई और वह आग बरसाते आसमान तले गेहूं काटती रहीं हो कि आयोजित आरोग्य मेले के मंच पर कथित ब्लाक प्रमुख के साथ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा० राजेंद्र सिंह,जिला पंचायत अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह व एमओआइसी तेलियानी डा० अतुल श्रीवास्तव सहित कई अधिकारी भी मंच पर मौजूद थे और उन अधिकारियों ने ब्लाक प्रमुख के रूप में भाजपा नेता अभिषेक त्रिवेदी का महिमामंडन करते रहे ।
क्या बोले जिम्मेदार –
फतेहपुर की जिलाधिकारी अपूर्वा दुबे ने बताया महिला ब्लाक प्रमुख के स्थान पर दूसरे को मंच पर बैठाना गंभीर मामला है इसकी जांच कराकर दोषियो पर कार्यवाही की जायेगी ।
सीएमओ- डॉ० राजेंद्र सिंह –
आरोग्य मेले का आयोजन एमओआइसी तेलियानी ने किया था। बैनर पर ब्लाक प्रमुख की जगह किसका नाम लिखा गया ।इसकी मुझे जानकारी नहीं है । किसी दूसरे का नाम लिखा जाना बहुत ही खेद जनक है ।
तेलियानी एमओआईसी डॉ० अतुल श्रीवास्तव –
बीडीओ से प्रमुख का नंबर लेकर आमंत्रण दिया था । मुझे जानकारी नहीं थी कि ब्लाक प्रमुख कौन हैं । कार्यक्रम में बड़ी चूक हुई है । किसी को अपमानित करने का इरादा नहीं था ।
तेलियानी बीडीओ- विनय कुमार मिश्रा
स्वास्थ्य विभाग ने मुझसे न प्रमुख का नंबर लिया न नाम पूछा । पुष्पा देवी ही ब्लाक प्रमुख हैं । लेकिन बैनर में अभिषेक त्रिवेदी का नाम किसने अंकित कराया,मंच पर किसे बैठाया यह मुझे नहीं पता है ।
