– मौके पर भारी पुलिस बल के साथ उपजिलाधिकारी व उपपुलिस अधीक्षक मौजूद ।
– छात्रा बीए का एग्जाम देने के लिए दोपाहर में बीएनयू महाविद्यालय के लिए घर से निकली थी, 03 बजे से था एग्जाम ।
फतेहपुर । जनपद के जहानाबाद क्षेत्र के मिर्जापुर के पास एक छात्रा का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फ़ैल गई।दिन दहाड़े हत्या कर फेंके गए छात्रा के शव को देखते ही ग्रामीणों में आक्रोश व्याप्त हो गया और पुलिस की कार्यप्रणाली से असंतुष्ट ग्रामीणों ने लगभग 08 बजे मुगल रोड जाम कर पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं ।
ग्रामीणों का आरोप है कि जहानाबाद पुलिस ने बिना परिजनों के पहुंचे शव को पोस्टमार्टम के लिए क्यों भेज दिया । ग्रामीणों में ब्याप्त रोष को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल आ गया है और ग्रामीणों से वार्ता करने का प्रयास कर रहे हैं । उपजिलाधिकारी बिंदकी अवधेश कुमार निगम व उपपुलिस अधीक्षक योगेंद्र सिंह मलिक भी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता कर रहे हैं ।
छात्रा निधि सोनकर 22 वर्ष पुत्री कमलेश सोनकर कानपुर नगर जनपद के ग्राम बौहारा थाना साढ़ की रहने वाली है और दोपाहर में बी.ए. का एग्जाम देने के लिए बी एन यू महाविद्यालय के लिए घर से निकली थी ।
ग्रामीणों के अनुसार निधि सोनकर प्रति दिन सुबह 8 बजे कोचिंग सेंटर जाती थी और 12 दोपाहर लौट कर वापस आती थी । आज भी कोचिंग सेंटर से घर वापस आने के बाद बीए का एग्जाम देने के लिए घर से एग्जाम सेंटर के लिए निकली थी ।
राहगीरों द्वारा छात्रा का रक्त रंजित शव पड़े होने की सूचना पर थाना जहानाबाद और इलाकाई अन्य थानों का पुलिस बल घटना स्थल पर पहुंच गया और शव को कब्जे में ले कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया । छात्रा के परिजनों व ग्राम बौहारा के लोगों को जब छात्रा की हत्या किए जाने की खबर मिली लोगों का जमावड़ा होने लगा । पुलिस की कार्यप्रणाली को देखकर लोगों में गुस्सा फूट पड़ा और पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए लगभग 8 बजे मुगल रोड जाम कर दिया । ग्रामीणों का आरोप है कि जहानाबाद पुलिस ने परिजनों के पहुंचने के पहले ही शव को पोस्टमार्टम के लिए क्यों भेज दिया । मौके पर थाना जहानाबाद,बकेवर,औंग व बिंदकी का पुलिस बल आक्रोशित ग्रामीणों को समझाने के प्रयास में लगा है ।
जाम की सूचना पर उपजिलाधिकारी अवधेश कुमार निगम व उपपुलिस अधीक्षक योगेंद्र सिंह मलिक भी मौके पर है और लोगों को न्याय दिलाने व हत्या कांड का जल्द खुलासा कर हत्यारों को गिरफ्तार करने का भरोसा दिला रहे हैं । खबर लिखे जाने तक जाम नहीं खुल सका है ।
