तेलंगाना के हैदराबाद में हो रही भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष पर हमलावर रुख़ अपनाते हुए कहा है कि कांग्रेस को ‘मोदी फ़ोबिया’ हो गया है।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा रविवार को प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान राष्ट्रीय कार्यकारिणी में पास हुए राजनीतिक प्रस्ताव के बारे में जानकारी दे रहे थे ।
उन्होंने बताया कि बैठक में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि ‘आज विपक्ष बिखरा हुआ है । कांग्रेस में लोकतंत्र स्थापित करने के लिए उसके ही सदस्य लड़ाई कर रहे हैं, गांधी परिवार के डर के कारण अध्यक्ष पद के चुनाव नहीं कराए जा रहे हैं ।’
गृह मंत्री श्री @AmitShah ने कहा कि कांग्रेस को 'मोदी फोबिया' हो गया है, कांग्रेस देशहित के हर निर्णय का विरोध करने लगी है।
कांग्रेस पूरी तरह से हताशा और निराशा है।
– श्री @himantabiswa
#BJPNECInTelangana pic.twitter.com/SRCAYyTB4c— BJP (@BJP4India) July 3, 2022
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा,
“कांग्रेस को मोदी फ़ोबिया हो गया है, कांग्रेस देशहित के हर निर्णय का विरोध करने लगी है । कांग्रेस पूरी तरह हताश और निराश है ।”
“सर्जिकल स्ट्राइक,एयर स्ट्राइक का विरोध,अनुच्छेद 370 ख़त्म करने का विरोध,जीएसटी का विरोध,आयुष्मान भारत का विरोध,वैक्सीन और वैक्सीनेशन का विरोध,सीएए का विरोध,राम मंदिर का विरोध,ऐसे ही हर विषय में कांग्रेस केवल विरोध ही विरोध करते जा रही है ।”
इस दौरान गुजरात दंगों के केस में पीएम मोदी को क्लीनचिट दिए जाने के ख़िलाफ़ सुप्रीम कोर्ट में याचिका खारिज होने का भी ज़िक्र किया गया । अमित शाह ने गुजरात दंगों के ऊपर सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले को ऐतिहासिक बताया ।
उन्होंने कहा,
“सुप्रीम कोर्ट का फ़ैसला ऐतिहासिक है,नरेंद्र मोदी पर जो भी आरोप लगाया गया,सुप्रीम कोर्ट ने उसे पूरा झूठा करार दिया, इसे राजनीति से प्रेरित बताया ।”
