फतेहपुर । देवमई विकासखंड के मुसाफा गांव में चल रहे गौतम बुद्ध इंटर कॉलेज की मान्यता को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं । लोगों का कहना है कि यह इंटर कॉलेज बिना मान्यता के चलाया जा रहा है । मान्यता को लेकर खंड शिक्षा अधिकारी प्रवीण शुक्ला का कहना है कि विद्यालय की मान्यता को लेकर गत माह जून को कालेज के प्रबंधक को नोटिस भी दी जा चुकी है ।
मुसाफा में चल रहे गौतम बुद्ध इंटर कॉलेज के संबंध में विद्यालय के प्रधानाचार्य वीर बहादुर से जब जानकारी करने के लिए संवाददाता विद्यालय गया तो वहां सिर्फ बलीराम नामक एक चपरासी मिला जिसने बताया कि मान्यता संबंधी जानकारी उसे नहीं है । चपरासी के अनुसार विद्यालय में अभिलाष पाल भी पूर्व में मां रामकली विद्या मंदिर के नाम से स्कूल चलाता था किंतु उसका यह मान्यता प्राप्त विद्यालय किसी तरह से बंद हो गया है ।
जानकारी के मुताबिक इस विद्यालय में 12वीं तक के छात्रों की संख्या काफी है और उनके अभिभावकों को धोखे में रखकर विद्यालय का संचालन किया जा रहा है । इस संबंध में जब खंड शिक्षा अधिकारी प्रवीण शुक्ला से बात की गई तो उन्होंने बताया कि इस विद्यालय की मान्यता को लेकर गत जून माह में एक नोटिस दी गई है । जिसका अभी तक विद्यालय प्रबंध समिति द्वारा जवाब नहीं दिया गया है । अगर यह विद्यालय मान्यता प्राप्त नहीं है तो इसके खिलाफ कड़ी कार्यवाही की जाएगी ।
