कानपुर । विकास खण्ड सरसौल के अंतर्गत आने वाले विभिन्न ग्राम सभाओं में ब्लाक प्रमुख कोटे से बनने वाली सड़कों का रविवार को ब्लॉक प्रमुख एवं जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में उद्घाटन तथा शिलान्यास किया गया ।
इस दौरान ब्लाक प्रमुख ने जनता की अन्य समस्याओं को भी सुना तथा जल्द निस्तारण की बात कही ।

सरसौल ब्लाक प्रमुख डॉ० विजय रत्ना सिंह तोमर तथा ग्राम प्रधान नसडा रोहित सिंह तोमर द्वारा खुजऊपुर,करबिगवां तथा पुरवामीर में कई आरसीसी सड़कों का शिलान्यास तथा उद्घाटन किया गया ।
रोहित सिंह तोमर ने बताया कि पुरवामीर गांव में 2 सड़कें बननी है ।
एक सड़क बनकर तैयार है जिसकी लंबाई 220 मीटर है तथा दूसरी सड़क का शिलान्यास किया गया है । जो लगभग 180 मीटर लंबी है दोनों की अनुमानित लागत 19 लाख रुपए है ।
उन्होंने अपने संबोधन में बताया कि ग्राम पुरवामीर में अमृत सरोवर बनाने की विधि चर्चा चल रही है तथा एक पार्क बनाया जाएगा । जिसमें गांव के लोग रोजाना टहल सके बच्चे खेल सके । इसके साथ ही शिक्षा के लिए एक माहौल की जरूरत होती है । पुरवामीर में कक्षा 8 तक सरकारी विद्यालय है । उसको मॉडल स्कूल बनाने के लिए प्रयास किया जा रहा है तथा शिक्षा मंत्री से मिलकर पुरवामीर में इंटर कॉलेज बनाने की भी चर्चा की जाएगी और कोशिश है कि जल्दी ही इस गांव में इंटर कॉलेज बन जाए ।
ब्लॉक प्रमुख डॉ० विजय रत्ना ने अपने संबोधन में बताया कि इस गांव से वह निर्विरोध बीडीसी चुनी गई हैं सरसौल ब्लॉक में एकमात्र वही बीडीसी है जो निर्विरोध चुनी गई थी जिसके बाद वह ब्लाक प्रमुख के पद पर आसीन हैं ।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार ग्रामीणों ने उनका सम्मान किया स्वागत किया और जिस प्रकार डबल इंजन की सरकार प्रदेश में विकास कार्य करा रही है । उसी प्रकार ब्लॉक में मैं भी दोगुनी तेजी से अपनी ड्यूटी निभाऊंगी ।
मेरा पूरा प्रयास रहेगा कि इन 5 वर्षों में एक भी सड़क कच्ची ना रहे ।
ब्लाक प्रमुख ने ग्रामीणों से कहा कि आप मालिक है और हम माध्यम दोनों लोग मिलकर विकास कार्य कराएंगे ।
ग्रामीणों ने बताया कि लगभग 30 वर्षों से इन सड़कों का बुरा हाल था । दलदल भरे रास्ते से निकलने के लिए लोग मजबूर थे । दर्जनों शिकायती पत्र दिए गए प्रार्थना पत्र दिए गए । लेकिन आज तक इस पर किसी भी नेता की नजर नहीं पड़ी लेकिन हमारे क्षेत्र के वरिष्ठ नेता लाल सिंह तोमर की पुत्र वधू डॉ० विजय रत्ना सिंह के ब्लॉक प्रमुख बनने के बाद हम लोगों में एक बार फिर से उम्मीद जगी तथा सिर्फ एक बार हम लोगों के कहने मात्र से ही सड़क बना दी गई है । जिससे हम ग्रामीण अत्यधिक खुश हैं ।
इस दौरान ग्राम प्रधान पुरवामीर जितेंद्र सिंह गौतम,दलबीर सिंह,भान सिंह,पप्पी सिंह कछवाह,शिखर सिंह,मुंशी पाल, अतुल सिंह,शनि सिंह भदौरिया,लालू सिंह सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे ।
